साप्ताहिक समीक्षा- सोयाबीन

17-Jan-2026 08:06 PM

मजबूत मांग से सोयाबीन के प्लांट डिलीवरी मूल्य में अच्छी तेजी 

नई दिल्ली। क्रशिंग-प्रोसेसिंग इकाइयों की मजबूत मांग से सोयाबीन के प्लांट डिलीवरी मूल्य में तेजी का सिलसिला 10-16 जनवरी वाले सप्ताह के दौरान भी जारी रही और तीनों शीर्ष उत्पादक प्रांतों- मध्य प्रदेश, महाराष्ट्र तथा राजस्थान में यह 5000 रुपए प्रति क्विंटल से ऊपर रहा। कहीं-कहीं तो इसका मूल्य सरकारी समर्थन मूल्य से भी आगे निकल गया। 
एमएसपी 
2025-26 के वर्तमान मार्केटिंग सीजन के लिए सोयाबीन का न्यूनतम समर्थन मूल्य 5328 रुपए प्रति क्विंटल नियत हुआ है जबकि कुछ प्लांटों के लिए इसका दाम 5400-5500 रुपए प्रति क्विंटल हो गया। कोटा की एक इकाई में यह 5600 रुपए प्रति क्विंटल का स्तर पार कर गया। उल्लेखनीय है कि महाराष्ट्र तथा राजस्थान में समर्थन मूल्य पर किसानों सोयाबीन की खरीद जारी है। 
सोया रिफाइंड (तेल) 
सोयाबीन का भाव 100-200 रुपए प्रति क्विंटल बढ़ने से सोया रिफाइंड क्षेत्र की कीमतों में भी 2-3 रुपए प्रति किलो की तेजी दर्ज की गई। तीनों प्रांतों में इसका दाम तेज रहा। विदेशों में भी सोया तेल का भाव ऊंचा हो गया। सोया रिफाइंड तेल का भाव कोटा और हल्दिया में 35-35 रुपए बढ़कर क्रमश: 1350 रुपए एवं 1310 रुपए प्रति 10 किलो पर पहुंचा जबकि मुम्बई में 20 रुपए सुधरकर 1300 रुपए तथा कांडला में 40 रुपए उछलकर 1330 रुपए प्रति 10 किलो पर पहुंच गया।
आवक 
समीक्षाधीन सप्ताह के दौरान अखिल भारतीय स्तर पर प्रमुख मंडियों में सोयाबीन की दैनिक आवक 12 जनवरी को 3.85 लाख बोरी, 13 जनवरी को 3.80 लाख बोरी, 14 जनवरी के 1.10 लाख बोरी, 15 जनवरी को 2.00 लाख बोरी तथा 16 जनवरी को भी 2.00 लाख बोरी दर्ज की गई। 
सोया खल (डीओसी) 
बेहतर घरेलू मांग के कारण महाराष्ट्र में सोया डीओसी के दाम में 500-1000 रुपए प्रति टन का इजाफा हुआ। पॉल्ट्री उद्योग में सोयामील की अच्छी मांग देखी जा रही है जबकि निर्यात प्रदर्शन लगभग सामान्य है। सोयाबीन का भाव मजबूत रहने की उम्मीद की जा रही है।