साप्ताहिक समीक्षा- धान-चावल

04-Apr-2026 07:31 PM

अच्छी लिवाली होने से चावल का भाव तेज-धान स्थिर 

नई दिल्ली। खरीफ कालीन धान की आपूर्ति का ऑफ सीजन चल रहा है और रबी कालीन फसल की कटाई-तैयारी जोर नहीं पकड़ पाई है। मंडियों में धान (बासमती) की सीमित आवक हो रही है इसलिए कारोबार भी ज्यादा नहीं हो रहा है। 
दिल्ली 
28 मार्च- 3 अप्रैल वाले सप्ताह के दौरान दिल्ली की नरेला मंडी में धान की दैनिक चावल 2 से 8 हजार बोरी के बीच हुई 1121, 1509 हैण्ड तथा 1718 नवम्बर के दाम में क्रमश: 265 रुपए, 132 रुपए एवं 80 रुपए प्रति क्विंटल का इजाफा हुआ लेकिन देश की अन्य अधिकांश मंडियों में शांति और स्थिरता बनी रही। 
राजस्थान 
राजस्थान में कोटा तथा बूंदी की मंडियों में अब भी धान की अच्छी आवक हो रही है और समीक्षाधीन सप्ताह के दौरान इसकी खरीद-बिक्री भी बेहतर होने से कीमतों में 100-200 रुपए प्रति क्विंटल की तेजी दर्ज की गई। बूंदी मंडी में रोजाना 10-15 हजार बोरी तथा कोटा मंडी में 5-7 हजार बोरी धान की आपूर्ति हुई। उत्तर प्रदेश में अलीगढ़ एवं शाहजहांपुर में धान की थोड़ी बहुत आवक हुई। 
चावल 
जहां तक चावल का सवाल है तो कुछ मंडियों में इसकी खरीद में दिसावरी व्यापारियों एवं निर्यातकों की अच्छी दिलचस्पी देखी गई जिससे इसका भाव तेज हो गया। 
पंजाब / अमृतसर 
पंजाब के अमृतसर में चावल की विभिन्न किस्मों के दाम में 100 से 200 रुपए प्रति क्विंटल का इजाफा हुआ जबकि परमल स्टीम चावल का भाव 300 रुपए बढ़कर 6500/6550 रुपए प्रति क्विंटल पर पहुंच गया। 
राजस्थान 
राजस्थान की बूंदी मंडी में भी चावल के दाम में 100-200 रुपए प्रति क्विंटल की बढ़ोत्तरी हुई। यही स्थिति दिल्ली के नया बाजार में देखी गई जहां अधिकांश किस्मों एवं श्रेणियों के चावल का भाव बढ़ गया। 1885 स्टीम चावल का मूल्य 200 रुपए बढ़कर 8600 रुपए प्रति क्विंटल हो गया।