शुष्क मौसम के बावजूद सस्कैचवान में फसलों की हालत संतोषजनक
16-Jul-2025 05:56 PM
सस्काटून। कनाडा के सबसे प्रमुख कृषि उत्पादक प्रान्त- सस्कैचवान के कई क्षेत्रों में मौसम गर्म एवं शुष्क बना हुआ है और वर्षा का अभाव महसूस किया जा रहा है लेकिन इसके बावजूद कुल मिलाकर फसलों की हालत लगभग संतोषजनक आंकी जा रही है।
पश्चिमी कनाडा में प्रेयरीज क्षेत्र के किसानों को फसलों की हालत देख कर सुखद आश्चर्य हो रहा है। पहले आशंका व्यक्त की जा रही थी कि प्रतिकूल मौसम के कारण अनेक क्षेत्रों में फसल की स्थिति कमजोर होगी और औसत उपज दर में गिरावट आएगी। कुछ क्षेत्रों में यह आशंका सही भी हुई है मगर अन्य भागों में हालात लगभग सामान्य बने हुए हैं।
सस्कैचवान में इस बार कैनोला और मटर की खेती का दायरा बढ़ा है। एक विश्लेषक के अनुसार पौधों में फूल और दाने लगने लगे हैं और इसकी सघनता (संख्या) भी अच्छी दिख रही है।
वैसे उत्पादन का स्पष्ट संकेत तो अगले महीने से ही मिलेगा जब फसलों की कटाई-तैयारी आरंभ होगी। विश्लेषकों के अनुसार कैनोला की फसल ज्यादा गर्मी को बर्दाश्त नहीं कर पाती है।
पिछले दो साल से इसका प्रमाण मिल रहा है कि अत्यन्त ऊंचे तापमान की वजह से कैनोला की उपज दर में गिरावट आ गई। लेकिन इस बार फसल की हालत को देखते हुए लगता है कुल उत्पादन पिछले साल से बेहतर हो सकता है।
एक अन्य समीक्षक के अनुसार मनिटोबा राज्य के दक्षिणी भाग तथा सस्कैचवान प्रान्त के दक्षिण-पूर्वी हिस्सों में फसलों की हालत अच्छी है लेकिन इसके मध्य दक्षिणी भाग और दक्षिण पश्चिम क्षेत्र में वर्षा की कमी से स्थिति लगातार बिगड़ती जा रही है।
अल्बर्टा प्रान्त के दक्षिणी भाग में भी नमी का भारी अभाव है और भारी वर्षा की सख्त आवश्यकता महसूस की जा रही है। यदि शीघ्र ही वहां अच्छी बारिश नहीं हुई तो फसलों को नुकसान हो सकता है।
समीक्षक ने कैनोला की औसत उपज दर 38.6 बुशेल प्रति एकड़ रहने का अनुमान लगाया है जो पिछले साल के लगभग बराबर ही है लेकिन विभिन्न भागों में इसका स्तर अलग-अलग रहने की संभावना व्यक्त की है।
इसके बावजूद वहां कैनोला का कुल उत्पादन गत वर्ष की तुलना में 5.50 लाख टन घटकर इस बार 185.70 लाख टन पर अटकने का अनुमान लगाया जा रहा है।
