तेलंगाना में 90 लाख टन रबी कालीन धान की खरीद का लक्ष्य

04-May-2026 08:48 PM

हैदराबाद। दक्षिण भारत के सबसे प्रमुख चावल उत्पादक राज्य तेलंगाना में मौजूदा रबी मार्केटिंग सीजन के दौरान 90 लाख टन धान की सरकारी खरीद का लक्ष्य निर्धारित किया गया है जिसमें से 10 लाख टन से ज्यादा की खरीद हो चुकी है।

इसमें 4.50 लाख टन धान फाइन क्वालिटी या 'ए' ग्रेड का है जबकि शेष मात्रा सामान्य (मोटा) धान भी शामिल है। तेलंगाना में करीब 32 लाख टन धान के सुरक्षित भंडारण की दुविधा मौजूद है। धान की खरीद का सीजन 1 अप्रैल 2026 से औपचारिक तौर पर आरंभ हो चुका है। 

आधिकारिक सूत्रों के अनुसार धान की खरीद की रफ्तार कुल नियत लक्ष्य को हासिल करने के लिए अनुकूल है। राज्य सरकार ने न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) पर खरीदे जाने वाले धान के एवज में किसानों को भुगतान के लिए 500.20 करोड़ रुपए की राशि जारी कर दी है। इस दक्षिणी राज्य में 22.25 लाख हेक्टेयर में धान की खेती होती है। वहां इसका उत्पादन बढ़कर 152 लाख टन पर पहुंचने की उम्मीद है।

सरकार ने जिस 90 लाख टन धान की खरीद का लक्ष्य निर्धारित किया है उसमें 30 लाख टन फाइन क्वालिटी एवं 60 लाख टन सामान्य श्रेणी का धान शामिल है राज्य में धान की खरीद के लिए 8575 क्रय केन्द्र खोले गए हैं और वहां खरीदे गए धान के स्टॉक का सही समय पर उठाव भी सुनिश्चित  किया जा रहा है ताकि किसानों को वहां अपना नया माल लाने और उसे बेचने में को कोई असुविधा न हो।