तेलंगाना में फाईन वैरायटी के धान की खरीद नए रिकॉर्ड स्तर पर पहुंची
25-Dec-2024 01:19 PM
हैदराबाद । दक्षिणी राज्य-तेलंगाना में पिछले एक दशक में पहली बार फाईन वैरायटी के धान की सरकारी खरीद बढ़कर नए रिकॉर्ड स्तर पर पहुंची है।
चालू खरीफ मार्केटिंग सीजन के दौरान राज्य में अभी तक 18 लाख टन फाईन धान खरीदा जा चुका है जिससे लगभग 3.36 लाख किसानों को फायदा हुआ। ज्ञात हो कि राज्य सरकार फाईन वैरायटी धान की खेती में किसानों ने भारी दिलचस्पी दिखाई थी।
तेलंगाना केन्द्रीय पूल में धान-चावल का योगदान देने वाले अग्रणी राज्यों की सूची में शामिल है। वहां सामान्य श्रेणी के धान की खेती भी बड़े पैमाने पर होती है।
केन्द्र सरकार ने 2024-25 के मौजूदा सीजन के लिए सामान्य श्रेणी के धान का न्यूनतम समर्थन मूल्य 2300 रुपए प्रति क्विंटल तथा फाईन वैरायटी श्रेणी के धान का न्यूनतम समर्थन मूल्य 2300 रुपए प्रति क्विंटल तथा फाईन वैरायटी या 'ए' ग्रेड के लिए 2320 रुपए प्रति क्विंटल निर्धारित किया है। इस तरह तेलंगाना में फाइन किस्मों के धान उत्पादकों को 2820 रुपए प्रति क्विंटल की दर से भुगतान प्राप्त हो रहा है।
सरकारी अधिकारियों का कहना है कि किसानों से निर्बाध तथा पारदर्शी तरीके से धान खरीदा जा रहा है और सही समय पर उसका भुगतान भी किया जा रहा है।
फाईन वैरायटी धान की खरीद करके मिलिंग के लिए इसका स्टॉक भी राईस मिलर्स को आवंटित किया जा रहा है जिससे कस्टम मिल्ड राईस (सीएमआर) प्राप्त किया जाएगा।
सभी प्रमुख उत्पादक जिलों में किसानों से धान की खरीद हो रही है और सरकारी क्रय केन्द्रों पर जब तक इसकी आवक होती रहेगी तब तक खरीद भी जारी रहेगी।
