तमिलनाडु में 3 वर्षों के दौरान 6 हजार टन से अधिक रागी की खरीद

10-Nov-2025 04:43 PM

चेन्नई। तमिलनाडु के खाद्यान्न नागरिक आपूर्ति मंत्री ने कहा है कि राज्य सरकार द्वारा गत तीन वर्षों में यानी 2022-23 से 2024-25 सीजन के दौरान किसानों से न्यूनतम समर्थन मूल्य पर 6453 टन रागी की खरीद की गई और इसके लिए कृषक समुदाय को 26.48 करोड़ रुपए का भुगतान किया गया।

खाद्य मंत्री के अनुसार अपनी विकेन्द्रीकृत खरीद योजना के अंतर्गत राज्य सरकार ने 2022-23 के सीजन में किसानों से रागी खरीदने की प्रक्रिया शुरू करने का निर्णय लिया और प्रथम चरण के दौरान इस स्कीम में धर्मापुरी तथा कृष्णागिरी जिले के किसानों को शामिल किया गया। इसके बाद 2024-25 के मार्केटिंग सीजन से इस योजना के अंतर्गत सलेम, इरोड, जैसे जिलों को भी सम्मिलित करने का निर्णय लिया गया। 

एक आधिकारिक विज्ञप्ति में कहा गया है कि 2024-25 के मार्केटिंग सीजन के दौरान उपरोक्त चारों जिलों- धर्मापुरी, कृष्णागिरी, इरोड तथा सलेम में संयुक्त रूप से 4050 टन रागी की खरीद की गई जबकि शेष स्टॉक की खरीद पहले ही 2022-23 एवं 2023-24 के सीजन में हुई थी।

2022-23 से लेकर 2024-25 के सीजन तक तमिलनाडु में 3578 किसानों से 26.48 करोड़ रुपए मूल्य की 6453 टन रागी की खरीद हुई जिससे उत्पादकों को काफी राहत मिली। 

2025-26 के मार्केटिंग सीजन हेतु तमिलनाडु में किसानों से 48,860 रुपए प्रति टन की दर से रागी खरीदने का निर्णय लिया गया है जो पिछले सीजन के लिए निर्धारित मूल्य 42,900 रुपए प्रति टन से काफी अधिक है।

तमिलनाडु नागरिक आपूर्ति निगम को सीधे किसानों से उपरोक्त चारों राज्यों जिलों में 48,860 रुपए प्रति टन की दर से 6000 टन रागी खरीदने की स्वीकृति पहले ही जारी की जा चुकी है।

खरीद की प्रक्रिया 1 नवम्बर 2025 से आरंभ हो चुकी है जो 31 जनवरी 2026 तक बरकरार रहेगी। किसानों को इस स्कीम का पूरा लाभ उठाने की सलाह दी गई है।