तमाम घरेलू मांग को पूरा करने हेतु मक्का का पर्याप्त स्टॉक मौजूद

19-Dec-2025 10:45 AM

नई दिल्ली। केन्द्र सरकार ने कहा है कि देश के अंदर एथनॉल, पॉल्ट्री फीड एवं स्टार्च निर्माण उद्योग की मांग तथा अन्य उद्देश्यों के लिए होने वाली खपत को पूरा करने के लिए मक्का का पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध है।

आधिकारिक आंकड़ों के अनुसार 2024-25 के मार्केटिंग सीजन के दौरान एथनॉल उत्पादन के लिए 125.75 लाख टन मक्का उपयोग किया गया।

केन्द्रीय खाद्य उपभोक्ता मामले एवं सार्वजनिक वितरण राज्य मंत्री के अनुसार 2024-25 सीजन के दौरान मक्का पर आधारित डिस्टीलरीज के लिए 477.80 करोड़ लीटर एथनॉल की आपूर्ति का कोटा आवंटित किया था और इसके लिए 125.75 लाख टन मक्का की आवश्यकता पड़ी। 

खाद्य राज्य मंत्री के अनुसार 2024-25 के सम्पूर्ण मार्केटिंग सीजन में मक्का का कुल घरेलू उत्पादन तेजी से बढ़कर 434 लाख टन के करीब पहुंच गया। यह मात्रा पॉल्ट्री उद्योग, एथनॉल उद्योग एवं अन्य क्षेत्रों की मांग एवं जरूरत को पूरा करने के लिए पर्याप्त है।

फीड की आपूर्ति एवं उपलब्धता को बरकरार रखने के लिए पॉल्ट्री उद्योग मक्का के साथ-साथ अन्य वैकल्पिक अवयवों का उपयोग बढ़ाने पर भी ध्यान दे रहा है जिसमें राइस ब्रान, टूटे चावल, बाजरा एवं गेहूं चोकर आदि शामिल है। मक्का के अपशिष्ट भाग डिस्टिलर्स ड्राइड ग्रेन विद सोल्यूबल्स (डीडीजीएस) का इस्तेमाल भी तेजी से बढ़ता जा रहा है। 

मक्का अब एथनॉल उत्पादन के लिए सबसे प्रमुख कच्चे माल के तौर पर उभरकर सामने आया है और इस उद्देश्य में विशाल खपत होने के बावजूद देश में अन्य क्षेत्रों की मांग को पूरा करने के लिए इसका भरपूर स्टॉक मौजूद रहता है। 2025-26 के सीजन में मक्का का घरेलू उत्पादन और भी बढ़ने की उम्मीद है।