तीनों शीघ्र उत्पादक राज्यों में बढ़ रहा है चीनी का उत्पादन

16-Dec-2025 08:12 PM

नई दिल्ली। स्वदेशी चीनी उद्योग के दोनों शीर्ष संगठन इंडियन शुगर एंड बायो एनर्जी मैन्युफैक्चर्स एसोसिएशन (इस्मा) तथा नेशनल फेडरेशन ऑफ को ऑपरेटिव शुगर फैक्टरीज (एनएफसीएसएफ) की रिपोर्ट से स्पष्ट संकेत मिलता है

कि पिछले साल की तुलना में वर्तमान मार्केटिंग सीजन के दौरान देश के तीनों अग्रणी गन्ना उत्पादक राज्यों- उत्तर प्रदेश, महाराष्ट्र एवं कर्नाटक में चीनी के उत्पादन में अच्छी बढ़ोत्तरी हो रही है। सबसे ज्यादा वृद्धि महाराष्ट्र में देखी जा रही है। गुजरात में स्थिति सामान्य है जबकि अन्य राज्यों में उत्पादन कम हो रहा है। 

इस्मा की नवीनतम रिपोर्ट के अनुसार चालू मार्केटिंग सीजन में 1 अक्टूबर से 15 दिसम्बर 2025 के ढाई महीनों के दौरान देश भर में चीनी का उत्पादन बढ़कर 78.25 लाख टन पर पहुंच गया

जो पिछले साल की समान अवधि के उत्पादन 61.28 लाख टन से करीब 17 लाख टन या 28 प्रतिशत अधिक रहा। समीक्षाधीन अवधि के दौरान चीनी का उत्पादन महाराष्ट्र में 16.78 लाख टन से उछलकर 31.79 लाख टन, उत्तर प्रदेश में 23.04 लाख टन से सुधरकर 24.56 लाख टन तथा कर्नाटक में 13.85 लाख टन से बढ़कर 15.80 टन पर पहुंच गया।

गुजरात में चीनी का उत्पादन 1.80 लाख टन से सुधकर 1.82 लाख टन हो गया लेकिन तमिलनाडु में 75 हजार टन से गिरकर 50 हजार टन तथा देश के अन्य राज्यों में 5.06 लाख टन से घटकर 3.78 लाख टन पर अटक गया।

इन प्रांतों में बिहार, उत्तराखंड, पंजाब, हरियाणा, मध्य प्रदेश, तेलंगाना, आंध्र प्रदेश एवं राजस्थान आदि शामिल है। 15 दिसम्बर 2025 तक महाराष्ट्र में 187, उत्तर प्रदेश में 118 तथा कर्नाटक में 74 चीनी मिलें क्रियाशील हो चुकी थीं।