तीसरे अग्रिम अनुमान में विभिन्न फसलों के उत्पादन का आंकड़ा बेहतर

29-May-2025 01:52 PM

नई दिल्ली। केन्द्रीय कृषि मंत्रालय ने अपने तीसरे अग्रिम अनुमान में 2024-25 के सम्पूर्ण मार्केटिंग सीजन के दौरान चावल, गेहूं एवं मक्का का उत्पादन बढ़कर नए रिकॉर्ड स्तर पर पहुंच जाने की संभावना व्यक्त की है जबकि अन्य जिंसों का उत्पादन भी बेहतर होने की उम्मीद जताई है। 

कृषि मंत्रालय के आंकड़ों के अनुसार खाद्यान्न का सकल घरेलू उत्पादन 2023-24 सीजन के 33.23 करोड़ टन से 6.5 प्रतिशत बढ़कर 2024-25 के सीजन में 35.396 करोड़ टन के सर्वकालीन सर्वोच्च स्तर पर पहुंच जाने का अनुमान है।

इसमें 14.907 करोड़ टन चावल 11.751 करोड़ टन गेहूं तथा 4.228 करोड़ टन मक्का का उत्पादन भी शामिल है। उल्लेखनीय है कि इस तीसरे अग्रिम अनुमान में खरीफ और रबी के साथ जायद ग्रीष्मकालीन फसलों का उत्पादन आंकड़ा भी शामिल है। 

तीसरा अग्रिम अनुमान जारी करते हुए केन्द्रीय कृषि मंत्री ने कहा कि 2024-25 के सीजन में चावल, गेहूं एवं मक्का के साथ-साथ मूंगफली और सोयाबीन का उत्पादन भी उछलकर नए रिकॉर्ड स्तर पर पहुंच गया।

कृषि मंत्री के अनुसार यद्यपि कृषि उत्पादन में निरंतर बढ़ोत्तरी हो रही है मगर दलहन-तिलहन की पैदावार को और भी तेजी से बढ़ाने की जरूरत है।

उनका कहना है कि खरीफसीजन के दौरान क्षेत्रफल एवं उत्पादन में अच्छी बढ़ोत्तरी देखी गई और इस बार भी परिदृश्य बेहतर रहने की उम्मीद है।

इतना ही नहीं बल्कि 2024-25 के खरीफ सीजन में धान, मक्का, मिलेट्स, मूंग, सोयाबीन एवं गन्ना की औसत उपज दर में भी बढ़ोत्तरी दर्ज की गई। 

कृषि मंत्रालय ने गेहूं का उत्पादन 2023-24 सीजन के 1132.90 लाख टन से 3.7 प्रतिशत बढ़कर 2024-25 के रबी सीजन में 1175.10 लाख टन पर पहुंचने का अनुमान लगाया है।

चावल का कुल उत्पादन 1490.70 लाख टन के नए रिकॉर्ड स्तर पर पहुंचने की संभावना व्यक्त की गई है जिसमें 1218.50 लाख टन का खरीफ कालीन 156.70 लाख टन का रबी कालीन तथा 115.50 लाख टन का जायद कालीन उत्पादन शामिल है।

इसी तरह 2024-25 सीजन के दौरान खाद्यान्न का कुल उत्पादन 3539.60 लाख टन के नए रिकॉर्ड स्तर पर पहुंचने का जो अनुमान लगाया गया है उसमें खरीफ सीजन का 1680.70 लाख टन, रबी सीजन का 1672.20 लाख टन तथा जायद सीजन का 186.80 लाख टन का उत्पादन सम्मिलित हैं।