तुवर की कीमतों में तूफानी तेजी: अब आगे क्या?

27-Jan-2026 12:49 PM

तुवर की कीमतों में तूफानी तेजी: अब आगे क्या?

★ तुवर बाजार में लगातार तेजी देखी जा रही है। लंबे समय बाद आज पहली बार बाजार भाव MSP ₹8,000 प्रति क्विंटल के ऊपर पहुंचे हैं। सोलापुर, लातूर, मुंबई मोज़ाम्बिक, मुंबई लेमन और चेन्नई लेमन में भावों में लगातार बढ़ोतरी दर्ज की गई है।

★ दिसंबर 2025 के औसत भाव की तुलना में जनवरी के अंत तक कीमतों में ₹450 से ₹950 प्रति क्विंटल तक की मासिक बढ़त देखने को मिली है। अगस्त–सितंबर 2025 के स्तर से तुलना करें तो कुछ किस्मों में ₹1,600 से ₹2,100 प्रति क्विंटल तक की तेजी दर्ज की गई है, जो बाजार में मजबूत रुझान को दर्शाती है।

★ कीमतों में यह तेजी मुख्य रूप से भारत में कम उत्पादन, आयात में कमी और प्रमुख उत्पादक देशों जैसे म्यांमार और अफ्रीका में भी कमजोर उत्पादन के कारण आई है।वैश्विक आपूर्ति सीमित होने से घरेलू बाजार पर दबाव बढ़ा है और मांग के मुकाबले उपलब्धता कम बनी हुई है।

★ यदि तेजी इसी तरह जारी रही, तो सरकार हस्तक्षेप कर सकती है और स्टॉक लिमिट जैसे कदम उठाए जा सकते हैं। इसके बावजूद बाजार का मौजूदा आधार मजबूत माना जा रहा है और फंडामेंटल अभी भी कीमतों के पक्ष में नजर आ रहे हैं।

★ कुल मिलाकर, मौजूदा परिस्थितियों में तुवर बाजार में तेजी का रुझान बना हुआ है और MSP से ऊपर टिके भाव इस बात का संकेत हैं कि सप्लाई साइड की चुनौतियां आने वाले समय में भी बाजार को प्रभावित कर सकती हैं।

★ आई- ग्रेन इंडिया का मानना है कि ऊंचे भावों पर बाजार टिक सकते हैं, मौजूदा भावों पर थोड़ी मुनफावसूली बिक्री करना समझदारी होगा।


महत्वपूर्ण सूचना:

उपरोक्त रिपोर्ट केवल जानकारी के लिए है। आई-ग्रेन इंडिया किसी भी प्रकार के लाभ या हानि की जिम्मेदारी नहीं लेता और न ही बाजार में किसी विशेष दिशा (तेजी या मंदी) का समर्थन करता है। कृपया कोई भी निर्णय अपने विवेक और समझदारी से लें।