Home News
23-Oct-2026 03:52 PM
नई दिल्ली। नवरात्रि एवं दशहरा का त्यौहार समाप्त होने के बाद अब जिंस बाजार (कॉमोडिटी मार्केट) का ध्यान दीपावली पर्व पर केन्द्रित हो गया है। यह पर्व व्यापारियों के लिए मजबूत कारोबारी आधार प्रदान करता है।
दीपावली से पूर्व खासकर गेहूं, चीनी, चना, सूखे मेवे एवं मसालों में जबरदस्त खरीद बिक्री होने की उम्मीद रहती है जिससे इसकी कीमतों में तेजी का माहौल बना रहता है। इसी तरह खाद्य तेलों की मांग एवं खपत भी इस दौरान काफी बढ़ जाती है।
उपरोक्त खाद्य उत्पादों का अभी अच्छा कारोबार हो रहा है जिससे भाव मजबूत बना हुआ है। व्यापार विश्लेषकों के मुताबिक अगले दो सप्ताह तक जिंस बाजार में भारी चहल-पहल रह सकती है।
हालांकि सरकार कीमतों को नियंत्रित करने तथा आपूर्ति एवं उपलब्धता बढ़ाने का हर संभव प्रयास कर रही है लेकिन मांग एवं खपत में होने वाली भारी बढ़ोत्तरी के कारण कीमतों में नरमी आना मुश्किल लगता है।
सरकार ने अक्टूबर के लिए 30 लाख टन चीनी का रिकॉर्ड फ्री सेल कोटा जारी किया। खाद्य तेलों पर आयात शुल्क में 5-10 प्रतिशत की कटौती कर दी और खुले बाजार बिक्री योजना (ओएमएसएस) के तहत गेहूं बेचना भी शुरू कर दिया। लेकिन इन उपायों का असर त्यौहारी सीजन समाप्त होने के बाद ही दिखाई पड़ सकता है।