Home News

बंगाल की खाड़ी में जोरदार तूफान से आंध्र-उड़ीसा में अलर्ट

23-Oct-2026 04:33 PM

बंगाल की खाड़ी में जोरदार तूफान से आंध्र-उड़ीसा में अलर्ट

तिरुअनन्तपुरम। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने बंगाल की खाड़ी में 26 अक्टूबर को भयंकर समुद्री तूफान उत्पन्न होने का संकेत दिया है जो आंध्र प्रदेश एवं उड़ीसा के तट से टकरा सकता है। इसे देखते हुए इन दोनों राज्यों में अलर्ट जारी किया गया है। इससे पूर्व खाड़ी के दक्षिणी-पश्चिमी एवं इसके समीपवर्ती मध्य पूर्व भाग के ऊपर कम दाब का एक क्षेत्र निर्मित हो रहा है।

इसके फलस्वरूप तटवर्ती क्षेत्रों में अत्यन्त तेज हवा के साथ मूसलाधार बारिश होने का अनुमान लगाया जा रहा है। यह सिस्टम पश्चिमी- उत्तर पश्चिमी दिशा की ओर बढ़ने की संभावना है जो 25 अक्टूबर तक सघन होकर एक गहरे डिप्रेशन के रूप में परिवर्तित होने की उम्मीद है। 

इसके बाद यह तूफान और भी तीव्र एवं ताकतवर होकर आंध्र प्रदेश और दक्षिणी उड़ीसा तट पर कोहराम मचाने के लिए अगले दो दिन में पहुंच सकता है। इसका मतलब यह हुआ कि 27-28 अक्टूबर को चक्रवाती तूफान से इस तटवर्ती क्षेत्र को खतरा हो सकता है। ग्लोबल मॉडल्स से संकेत मिलता है कि यह भयंकर तूफान बेगा और इसमें हवा के प्रवाह की गति बहुत तेज रहेगी। 

एक अन्य कम दाब का क्षेत्र दक्षिणी केरल तट के पास अरब सागर के ऊपर अटका हुआ है और यह आगे बढ़कर बंगाल की खाड़ी से उठने वाले चक्रवाती तूफान के साथ मिल सकता है। इससे दक्षिण भारत में अगले सप्ताह दूर-दूर तक भारी वर्षा होने की संभावना है।