दलहनों का उत्पादन बढ़ाने हेतु समेकित प्रयास पर कृषि मंत्री का जोर
12-Jul-2024 07:46 PM
नई दिल्ली । केन्द्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने देश में दलहनों का उत्पादन तेजी से बढ़ाने के लिए सभी पक्षों के एकीकृत या सामूहिक प्रयास की आवश्यकता पर जोर देते हुए कहा है कि इसमें राज्य सरकारों को महत्वपूर्ण भूमिका निभानी होगी।
दलहन उत्पादन में आत्मनिर्भरता के लक्ष्य को हासिल करने के लिए केन्द्र सरकार हर संभव कदम उठा रही है। इसके तहत कृषि मंत्री ने जोर देते हुए कहा कि केन्द्र सरकार सभी उत्पादक राज्यों में किसानों से तुवर, उड़द एवं मसूर के उत्पादन का शत-प्रतिशत भाग खरीदने के लिए प्रतिबद्ध है।
कृषि मंत्री ने अधिकारियों को इस मुद्दे पर किसानों को जागरूक बनाने का निर्देश दिया ताकि अधिक से अधिक किसान दलहनों की खेती के लिए प्रेरित-प्रोत्साहित हो सके।
चालू खरीफ सीजन के दौरान दलहनों के उत्पादन क्षेत्र में 50 प्रतिशत से अधिक की बढ़ोत्तरी होने पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कृषि मंत्री ने कहा कि खासकर अरहर (तुवर) एवं उड़द के क्षेत्रफल में अच्छा इजाफा हुआ है। मालूम हो कि मसूर की खेती रबी सीजन में होती है।
दलहन का घरेलू उत्पादन मांग एवं खपत से कम होने के कारण भारत को विदेशों से विशाल मात्रा में इसका आयात करना पड़ता है और घरेलू बाजार मूल्य भी ऊंचा रहता है।
भारत में कनाडा, ऑस्ट्रेलिया, रूस, म्यांमार एवं कुछ अफ्रीकी देशों से दलहनों का भारी आयात किया जाता है। कृषि मंत्री का कहना था कि किसानों को खरीफ के साथ-साथ रबी सीजन में भी सही समय पर पर्याप्त मात्रा में खाद बीज की उपलब्धता सुनिश्चित की जानी चाहिए ताकि फसलों की बिजाई एवं प्रगति में कोई बाधा न पड़े।
इस बार मानसून की अच्छी बारिश हो रही है और तुवर तथा उड़द का भाव न्यूनतम समर्थन मूल्य से ऊंचा चल रहा है इसलिए किसानों को इसका क्षेत्रफल बढ़ाने का अच्छा अवसर और प्रोत्साहन मिल रहा है।
