दिसम्बर में इंडोनेशियाई पाम तेल का निर्यात डेढ़ साल के शीर्ष स्तर पर पहुंचा

04-Feb-2026 04:20 PM

जकार्ता।  शुल्क में हुई कटौती एवं प्रतिस्पर्धी क्षमता में हुई बढ़ोत्तरी के कारण इंडोनेशिया से दिसम्बर में पाम उत्पादों का कुल निर्यात उछलकर पिछले 18 महीनों (डेढ़ साल) के शीर्ष स्तर पर पहुंच गया।

एक अग्रणी  कार्गो सर्वेयर फर्म- इंटरटेक टेस्टिंग सर्विसेज (आईटीएस) की रिपोर्ट के अनुसार नवम्बर 2025 में इंडोनेशिया से करीब 17.30 लाख टन पाम तेल उत्पादों का निर्यात हुआ था

जो दिसम्बर में 52 प्रतिशत या 8.96 लाख टन बढ़कर 26.20 लाख टन पर पहुंच गया। इसमें पाम तेल एवं इसके अवयव, पाम कर्नेल तेल तथा ऑलियो कैमिकल्स आदि का शिपमेंट शामिल रहा।  

भारत तथा भारतीय उप महाद्वीप के देशों में जोरदार मांग निकलने से दिसम्बर में इंडोनेशियाई पाम तेल के निर्यात में शानदार इजाफा हुआ।

उसके तहत खासकर क्रूड पाम तेल (सीपीओ) तथा आरबीडी पामोलीन के शिपमेंट में भारी बढ़ोत्तरी दर्ज की गई। उल्लेखनीय है कि इंडोनेशिया दुनिया में पाम तेल का सबसे बड़ा उत्पादक एवं निर्यातक देश है। 

आईटीएस के अनुसार दिसम्बर में जोरदार इजाफा होने के बावजूद इंडोनेशिया से वर्ष 2024 के मुकाबले वर्ष 2025 की सम्पूर्ण अवधि के दौरान पाम तेल उत्पादों के सकल निर्यात में मामूली बढ़ोत्तरी ही संभव हो सकी।

इसके तहत आरबीडी पामोलीन तथा प्रोसेस्ड पाम फैट्टी एसिड के शिपमेंट में तो अच्छ इजाफा हुआ मगर अन्य पाम उत्पादों का निर्यात या तो गत वर्ष के आसपास रहा था उसमें थोड़ी-बहुत कमी- वृद्धि देखी गई।

नवम्बर के मुकाबले दिसम्बर 2025 के दौरान इंडोनेशिया से भारत एवं भारतीय उप महाद्वीप के देशों में पाम तेल उत्पादों का निर्यात 3.98 लाख टन की तुलना में दोगुने से भी ज्यादा उछलकर 8.16 लाख टन पर पहुंच गया।

इसके लगभग आधे भाग का निर्यात अकेले भारत को किया गया। इसकी मात्रा 4.22 लाख टन के करीब रही। इसमें 3.46 लाख टन क्रूड पाम तेल एवं 45 हजार टन आरबीडी पामोलीन का शिपमेंट भी शामिल था।