देश के 19 राज्यों में आज हो सकती है भारी वर्षा

11-Jul-2024 11:25 AM

नई दिल्ली । भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने आज यानी 11 जुलाई 2024 को देश के 19 राज्यों में कहीं कम तो कहीं भारी बारिश होने की संभावना व्यक्त की है।

महत्वपूर्ण बात यह है कि देश के जिन छह-सात राज्यों में अब तक मानसून की वर्षा सामान्य औसत से कम या बहुत कम हुई है वहां भी आगे अच्छी बारिश होने का अनुमान व्यक्त किया गया है।

इसमें झारखंड, उड़ीसा एवं छत्तीसगढ़ जैसे राज्य सम्मिलित है। पूर्वोत्तर क्षेत्र के कुछ प्रांतों में भी वर्षा का अभाव रहा है। 

पिछले साल पूर्वी भारत में मानसून की वर्षा अपेक्षाकृत कम हुई थी और अगस्त 2023 में तो देश के अनेक राज्य सूखे की चपेट में आ गए थे लेकिन चालू वर्ष के दौरान जुलाई तथा अगस्त में जोरदार वर्षा होने की भविष्यवाणी की गई है। इससे खरीफ फसलों की बिजाई तथा प्रगति में अच्छी सहायता मिलेगी।

लेकिन कुछ राज्यों में बाढ़ की विभीषिका से फसलों को नुकसान होने की आशंका भी है जिसमें आसाम, मेघालय, बिहार एवं उत्तर प्रदेश आदि शामिल है।

बंगाल और महाराष्ट्र के कुछ इलाकों में भी खेतों में जल-जमाव होने की संभावना है जिससे धान के अतिरिक्त अन्य खरीफ फसलों की बिजाई में देर हो सकती है। मानसून की सक्रियता, सघनता एवं गतिशीलता के लिए परिस्थितियां अभी अनुकूल हैं इसलिए नियमित रूप से देश के विभिन्न भागों में अच्छी बारिश हो रही है। 

जून में मानसून कुछ कमजोर रहा जिससे राष्ट्रीय स्तर पर सामान्य औसत से 11 प्रतिशत कम बारिश हुई। इसके बावजूद खरीफ फसलों के उत्पादन क्षेत्र में जबरदस्त बढ़ोत्तरी दर्ज की गई।

जुलाई-अगस्त में बारिश की कमी पूरी हो जाने की आशा है जबकि सितम्बर-अक्टूबर में ला नीना मौसम चक्र का निर्माण हो सकता है। इससे वर्षा की निरंतरता में बाधा पड़ने की संभावना नहीं है।

बेहतर मानसून के सहारे चालू खरीफ सीजन में धान, दलहन, तिलहन, गन्ना एवं मक्का का शानदार उत्पादन होने की उम्मीद की जा सकती है।