उपयोग के मुकाबले मक्का का वैश्विक उत्पादन ज्यादा होने का अनुमान
27-Jan-2026 07:41 PM
शिकागो। अमरीका में इस बार मक्का का विशाल उत्पादन हुआ है और ब्राजील तथा अर्जेन्टीना जैसे लैटिन अमरीकी देशों में मौसम की हालत अनुकूल होने से उत्पादन शानदार होने की उम्मीद है।
अन्य महत्वपूर्ण उत्पादक देशों में भी पैदावार बेहतर होने के आसार हैं। इसे देखते हुए एक अंतर्राष्ट्रीय विश्लेषक का कहना है कि 2025-26 के वर्तमान सीजन में विश्व स्तर पर उपयोग के मुकाबले मक्का का उत्पादन ज्यादा होगा और इसके वैश्विक बकाया स्टॉक में 261 लाख टन की बढ़ोत्तरी हो सकती है। पिछले तीन वर्षों- से मक्का के वैश्विक बकाया स्टॉक में गिरावट का माहौल देखा जा रहा था।
मक्का के वैश्विक उत्पादन में भारी वृद्धि होने से इसके दाम में नरमी की प्रवृत्ति रह सकती है जिसका असर गेहूं एवं जौ सहित अन्य कृषि उत्पादों की कीमतों पर भी पड़ने की आशंका है।
अमरीका, चीन एवं यूक्रेन में विशाल पैदावार होने से मक्का का वैश्विक उत्पादन 690 लाख टन बढ़ने का अनुमान है। ब्राजील में भी शानदार उत्पादन होने वाला है।
दूसरी ओर पश्चिमी एवं दक्षिण-पूर्वी यूरोप एक मात्र ऐसा क्षेत्र है जहां मक्का के उत्पादन में गिरावट आने की आशंका है।
शुरूआती दौर में तो मक्का के दाम में 20 प्रतिशत तक की गिरावट आ गई थी लेकिन अमरीका से जोरदार निर्यात होने तथा यूरोप में उत्पादन घटने से कीमतों में धीरे-धीरे सुधार आने लगा। अब एक बार फिर इसमें नरमी का माहौल बनने लगा है। ब्राजील और अर्जेन्टीना में मौसम की हालत काफी सुधर गई है। ,
