वेस्टर्न ऑस्ट्रेलिया में 177.50 लाख टन अनाज के उत्पादन का अनुमान

21-Oct-2024 08:33 PM

पर्थ । ग्रेन इंडस्ट्री एसोसिएशन ऑफ वेस्टर्न ऑस्ट्रेलिया (गीवा) की मासिक रिपोर्ट में चालू वर्ष के दौरान प्रांतीय स्तर पर शीतकालीन फसल का कुल उत्पादन 177.50 लाख टन पर पहुंचने का अनुमान लगाया गया है।

फसलों की कटाई-तैयारी वहां आरंभ हो चुकी है। सितम्बर में एसोसिएशन ने कुल उत्पादन 168.60 लाख टन होने की संभावना व्यक्त की थी जिसे अब बढ़ाकर 170-180 लाख टन के बीच निर्धारित किया गया है।

दिलचस्प तथ्य यह है कि इस वर्ष वेस्टर्न ऑस्ट्रेलिया प्रान्त में बारिश काफी कम हुई और केवल जेराल्डटन क्षेत्र ही इसका अपवाद रहा जहां अच्छी वर्षा दर्ज की गई थी। 

रिपोर्ट के मुताबिक जेराल्डटन बंदरगाह जोन में फसलों की कटाई-तैयारी आरंभ होने पर ही उत्पादन की तस्वीर स्पष्ट हो पाएगी क्योंकि उसके पूर्वी एवं पश्चिमी भाग में फसलों की स्थिति में काफी अंतर देखा जा रहा है और इसलिए फिलहाल पैदावार का सटीक अनुमान लगाना काफी मुश्किल है।

इस बार वेस्टर्न ऑस्ट्रेलिया प्रान्त का फसल विकास सीजन कुछ छोटा रहा और इसलिए कटाई-तैयारी भी जल्दी समाप्त होने की संभावना है।

हालांकि अक्टूबर के आरंभ में हुई वर्षा से पिछैती बिजाई वाली फसल को कुछ फायदा हुआ जिसमें गेहूं एवं कैनोला मुख्य रूप से शामिल है लेकिन अगैती या मध्यवर्ती बिजाई वाली फसलों के लिए यह वर्षा बहुत देर से आई। 

रिपोर्ट में कहा गया है कि अधिकांश क्षेत्र में फसलों की औसत उपज दर अपेक्षित स्तर तक नहीं पहुंच पाएगी लेकिन वहीं-कहीं हालत काफी अच्छी देखी जा रही है।

फसलों की खराब स्थिति वाले इलाकों के बीच-बीच में ऐसे क्षेत्र भी हैं जहां फसल की हालत शानदार या उत्साहवर्धक बनी हुई है। कुछ इलाकों में फसलों की उपज दर सामान्य औसत से ऊपर रहने की उम्मीद है।

हालांकि जुलाई तथा अगस्त में हुई बारिश से फसलों का विकास बेहतर ढंग से हुआ मगर सितम्बर में वर्षा का भारी अभाव रहा जिससे स्थिति खराब हो गई। 

गीवा ने अपनी रिपोर्ट में वर्ष 2024 के दौरान वेस्टर्न ऑस्ट्रेलिया प्रान्त में 99.10 लाख टन गेहूं, 43.20 लाख टन जौ, 23.55 लाख टन कैनोला, 5.90 लाख टन, जई, 5.05 लाख टन ल्यूपिन तथा 73 हजार टन दलहनों के साथ कुछ 177.53 लाख टन कृषि उत्पादन का अनुमान लगाया है। फसलों की कटाई आगामी समय में जोर पकड़ने वाली है।