विटेरा कम्पनी को ऑस्ट्रेलिया में 11 लाख टन से अधिक कृषि उत्पादों की खरीद में सफलता
20-Nov-2024 01:52 PM
ब्रिसबेन । ऑस्ट्रेलिया के विभिन्न प्रांतों में शीत कालीन फसलों की जोरदार कटाई-तैयारी आरंभ हो गई है जिससे एक अग्रणी कम्पनी- विटेरा को 17 नवम्बर 2024 तक सम्पूर्ण साउथ ऑस्ट्रेलिया तथा पश्चिमी विक्टोरिया में लगभग 11.06 लाख टन अनाज, तिलहन एवं दलहन की खरीद करने में सफलता मिल गई।
इसमें गेहूं, जो एवं कैनोला की मात्रा अधिक है जबकि मसूर की आवक उसके क्रय केन्द्रों पर कम देखी जा रही है। पिछले सप्ताह एक ही दिन में वहां करीब 1.20 लाख टन कृषि उत्पादों की आपूर्ति हुई जिससे स्पष्ट संकेत मिलता है कि फसलों की कटाई-तैयारी के लिए वहां परिस्थितियां अनुकूल हो गई हैं। आयर प्रायद्वीप में कटाई की गति काफी तेज है।
कम्पनी के एक वरिष्ठ अधिकारी का कहना है कि पश्चिमी क्षेत्र में जोरदार कटाई के कारण फसलों की आवक की रफ्तार बढ़ने लगी है और कुल खरीद में इस क्षेत्र के कृषि उत्पादों की भागीदारी 50 प्रतिशत से अधिक दर्ज की गई। इसी तरह फाबा बीन्स के प्रमुख उत्पादक क्षेत्र- यीलान्ना में भी फसलों की आवक शुरू हो गई है।
मध्यवर्ती क्षेत्र में आवक पिछले सप्ताह कुछ बढ़ी है जबकि वहां खराब मौसम के कारण फसलों की कटाई में बाधा पड़ रही है। फसलों की अधिकांश कटाई बल्लारु, आरड्रोसान, पोर्ट गाइल्स, स्नोटाउन तथा बॉउमान्स में हो रही है।
लेकिन मसूर की आवक की गति धीमी है क्योंकि उत्पादक अभी गेहूं तथा जौ की कटाई-तैयारी पर विशेष ध्यान दे रहे हैं जबकि कैनोला की कटाई भी तेज गति से होने लगी है।
पूर्वी क्षेत्र में फसलों की कटाई आरंभ हो गई है जबकि आगामी समय में इसकी रफ्तार तेज होने की उम्मीद है। वहां जीएम कैनोला की फसल भी आने लगी है लेकिन मुख्य रूप से गेहूं एवं जौ का माल ही पहुंच रहा है। ऑस्ट्रेलिया में मसूर का उत्पादन इस बार घटने की संभावना है।
