व्यापार समझौता के बाद भारत से अमरीका को कृषि उत्पादों का निर्यात बढ़ने के आसार

13-Feb-2026 11:03 AM

नई दिल्ली। भारत और अमरीका के बीच हुए द्विपक्षीय व्यापार समझौता से दोनों देशों को फायदा होगा। भारत से अमरीका को अनेक कृषि उत्पादों के निर्यात में अच्छी बढ़ोत्तरी होने की संभावना है।

केन्द्रीय वाणिज्य मंत्रालय के अधीनस्थ निकाय-कृषि एवं प्रसंस्कृत खाद्य उत्पाद निर्यात विकास प्राधिकरण (एपीडा) के चेयरमैन का कहना है कि इस अंतरिम व्यापारिक करार के बाद भारत से अमरीका को कृषि और आर्गेनिक उत्पादों का निर्यात तेजी से बढ़ सकता है। भारतीय उत्पादों पर अमरीका में 18 प्रतिशत तथा टैरिफ लगेगा जिससे भारत के निर्यातकों को अमरीकी बाजार में निर्णायक प्रतिस्पर्धी अग्रता हासिल होगी।

एपीडा के चेयरमैन ने भारतीय कृषि क्षेत्र के लिए समझौते के फायदों के प्रति मजबूत विश्वास व्यक्त करते हुए कहा है कि भारत को इस समझौते से अत्यन्त लाभकारी एवं सकारात्मक परिणाम हासिल होगा क्योंकि जिस टैरिफ रेट पर सहमति बनी है वह काफी प्रतिस्पर्धी है।

अन्य व्यापारिक साझीदारों की तुलना में भारत पर काफी कम शुल्क लगाया गया है इसलिए अमरीकी आयातक भारतीय उत्पादों की खरीद में अच्छी दिलचस्पी दिखा सकते हैं। इससे भारत को अन्य देशों पर अग्रता मिल जाएगी। 

एपीडा के चेयरमैन ने हाल की चुनौतियों के बावजूद भारत के शानदार निर्यात प्रदर्शन का खुलासा करते हुए कहा है कि पिछले साल अमरीका को ऑर्गेनिक कृषि उत्पादों के निर्यात में करीब 30 प्रतिशत का इजाफा हुआ।

अगस्त 2025 से अमरीका में भारतीय उत्पादों पर 50 प्रतिशत का भारी-भरकम आयात शुल्क लागू हो गया लेकिन फिर भी अमरीकी खरीदार भारतीय उत्पादों के आयात से विमुख नहीं हुए।

अब आयात शुल्क घटकर 18 प्रतिशत रह गया है जिससे स्थिति और भी अनुकूल हो जाएगी। शीघ्र ही भारत से अमरीका को कृषि एवं ऑर्गेनिक उत्पादों का जोरदार निर्यात आरंभ होने के आसार हैं।