यूक्रेन में सूरजमुखी का पिछला स्टॉक नगण्य- नई फसल की आवक कम तथा भाव ऊंचा
08-Aug-2024 06:11 PM
कीव । वर्ष 2023-24 के मार्केटिंग सीजन के दौरान सूरजमुखी सीड एवं सूरजमुखी तेल के वैश्विक निर्यात बाजार में यूक्रेन की भागीदारी 40 प्रतिशत के स्तर पर बरकरार रही जबकि सूरजमुखी मील के निर्यात की हिस्सेदारी 43 प्रतिशत से बढ़कर 47 प्रतिशत पर पहुंच गई।
यूक्रेन में पिछले सीजन की फसल का स्टॉक लगभग समाप्त है जबकि नई फसल की थोड़ी बहुत आवक के बावजूद भाव नहीं खुला है। सितम्बर में इसकी अच्छी मांग निकलने की संभावना है और नए सीजन की सूरजमुखी का भाव कुछ ऊंचा रह सकता है।
यूक्रेन के क्रशर्स-प्रोसेसर्स को आयातकों की तरफ से मांग बढ़ाए जाने का इंतजार है। रिफाइनिंग इकाइयों द्वारा सूरजमुखी की खरीद नहीं की गई है। पिछले सीजन की फसल का स्टॉक नगण्य है।
यूक्रेन सहित काला सागर क्षेत्र के अन्य उत्पादक देशों में नियत समय से करीब 3 सप्ताह पूर्व ही सूरजमुखी फसल की कटाई आरंभ हो गई थी।
व्यापार विश्लेषकों का कहना है कि यदि काला सागर क्षेत्र में सूरजमुखी तेल का फ्री ऑन बोर्ड निर्यात ऑफर मूल्य 1000 डॉलर प्रति टन से नीचे रहा तो वह विदेशी आयातकों के लिए आकर्षक साबित हो सकता है।
अन्य खाद्य तेलों से इसे प्रतिस्पर्धा करनी पड़ सकती है। प्रमुख क्रशिंग-प्रोसेसिंग इकाइयों में पिछले दो महीनों से गतिविधि काफी धीमी देखी जा रही है जिससे सूरजमुखी तेल की आपूर्ति में बाधा पड़ रही है।
स्थानीय स्तर पर सीड की मांग काफी ऊंची हो गई है और रिफाइनर्स को 950-960 डॉलर के मूल्य स्तर पर तेल प्राप्त करने के लिए कठिन संघर्ष करना पड़ रहा है।
समझा जाता है कि जब मार्केटिंग सीजन आगे बढ़ेगा तब क्रशिंग मार्जिन घट जाएगा। यूक्रेन के रिफाइंड तेल का भाव 1000 डॉलर से बढ़कर 1030 डॉलर पर पहुंच गया है जिससे युरोप में इसकी मांग प्रभावित होने की संभावना है।
यूक्रेन के एक पड़ोसी देश- बुल्गारिया में सूरजमुखी का उत्पादन 16 प्रतिशत घटकर 17.80 लाख टन रह जाने का अनुमान है।
