यदगीर जिले में मूंगफली का रकबा बढ़ने के आसार
13-Nov-2024 01:46 PM
यदगीर । कर्नाटक के विभिन्न जिलों में रबी फसलों की बिजाई आरंभ हो चुकी है और किसान इसमें अच्छी दिलचस्पी दिखा रहे हैं। इसमें यदगीर जिला भी शामिल हैं जहां रबी सीजन में मूंगफली की खेती एक प्रमुख फसल के रूप में होने की उम्मीद है।
इस जिले में मूंगफली की खेती का लक्ष्य 18,548 हेक्टेयर नियत हुआ है जिसमें से अब तक 13,296 हेक्टेयर में बिजाई पूरी हो चुकी है। बिजाई की प्रक्रिया नवम्बर के अंत तक जारी रहेगी जिससे संकेत मिलता है कि इसका कुल क्षेत्रफल नियत लक्ष्य से ऊपर पहुंच सकता है।
कृषि विभाग ने यदगीर जिले में इस बार 41,540 हेक्टेयर में रबी फसलों की बिजाई का लक्ष्य निर्धारित किया है जबकि कुल वास्तविक क्षेत्रफल अभी तक 20,247 हेक्टेयर या 48.74 प्रतिशत पर पहुंचा है।
उत्पादकों का कहना है कि इस बार मूंगफली की खेती पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। यह ऐसी फसल है जिसकी बिजाई शुल्क एवं सिंचित-दोनों तरह की भूमि में हो सकती है।
मौसम की हालत अभी अनुकूल है जिससे उपज दर एवं पैदावार के साथ-साथ क्वालिटी भी बेहतर रहने की उम्मीद है और इससे किसानों को अच्छी आमदनी हो सकती है।
जलवायु परिवर्तन एवं भारी वर्षा के कारण खरीफ सीजन के दौरान फसल को छोड़ी क्षति हुई लेकिन रबी सीजन में स्थिति अच्छी रहने की उम्मीद है।
यदगीर जिले में चालू रबी सीजन के दौरान अब तक 5891 हेक्टेयर में ज्वार, 870 हेक्टेयर में चना की खेती हो चुकी है जबकि इसका लक्ष्य क्रमश: 17,165 हेक्टेयर तथा 1700 हेक्टेयर निर्धारित किया गया है।
