आंध्र प्रदेश में दलहनों की सरकारी खरीद को केन्द्र की मंजूरी
19-Dec-2025 05:30 PM
विजयवाड़ा। केन्द्र सरकार ने देश के दक्षिणी राज्य- आंध्र प्रदेश में मूल्य समर्थन योजना के अंतर्गत 2025-26 के मौजूदा खरीफ मार्केटिंग सीजन में 1.46 लाख टन से अधिक तुवर, मूंग एवं उड़द की खरीद के लिए स्वीकृति प्रदान कर दी है। इससे किसानों को काफी राहत मिलेगी।
केन्द्रीय कृषि मंत्री द्वारा आंध्र प्रदेश के कृषि मंत्री को एक पत्र भेजकर इस आशय की सूचना दी गई है। पत्र में कहा गया है कि केन्द्र सरकार ने आंध्र प्रदेश में इस बार 1,16,690 टन अरहर (तुवर),
28,440 टन उड़द तथा 903 टन मूंग की खरीद की अनुमति प्रदान की है। किसानों से न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) पर इन दलहनों की खरीद की जाएगी। इससे उत्पादकों को अपने दलहनों का लाभप्रद मूल्य प्राप्त करने में सहायता मिलेगी।
पत्र में आंध्र प्रदेश के कृषि मंत्री की सराहना करते हुए कहा गया है कि वे लगातार किसानों के हितों की सुरक्षा करने के लिए कार्य कर रहे हैं और दलहनों की खरीद की अनुमति प्राप्त करने के लिए नियमित रूप से केन्द्र के सम्पर्क में रहे हैं।
आंध्र प्रदेश के कृषि मंत्री ने केन्द्र के इस निर्णय का स्वागत करते हुए कहा है कि न्यूनतम समर्थन मूल्य पर किसानों से उपरोक्त दलहनों की खरीद प्रक्रिया शीघ्र ही आरंभ हो जाएगी और उत्पादकों को औने-पौने दाम पर अपना उत्पाद बेचने के लिए विवश नहीं होना पड़ेगा। केन्द्रीय सहयोग से खरीद की प्रक्रिया निर्बाध रूप से चलेगी।
आंध्र प्रदेश में खरीफ कालीन दलहन फसलों की कटाई-तैयारी पहले ही आरंभ हो चुकी है जबकि कमजोर कारोबार के कारण इसका थोक मंडी भाव न्यूनतम समर्थन मूल्य से नीचे चल रहा है।
किसान पिछले कई दिनों से एमएसपी पर इसकी खरीद शुरू करने की मांग कर रहे थे और अब उसकी मांग पूरी होने वाली है।
