अनेक राज्यों में बढ़ रहा है गेहूं का क्षेत्रफल

19-Dec-2025 07:35 PM

नई दिल्ली। रबी सीजन के सबसे प्रमुख खाद्यान्न- गेहूं की खेती के प्रति इस बार भारतीय किसानों में जबरदस्त उत्साह एवं आकर्षण देखा जा रहा है जिससे राष्ट्रीय स्तर पर इसके उत्पादन क्षेत्र में जोरदार बढ़ोत्तरी हो रही है। केन्द्रीय कृषि मंत्रालय के अनुसार गेहूं का कुल उत्पादन क्षेत्र इस बार बढ़कर 275.66 लाख हेक्टेयर पर पहुंच गया

जो गत वर्ष के बिजाई क्षेत्र 258.48 लाख हेक्टेयर से 17.18 लाख हेक्टेयर ज्यादा है। पंजाब और हरियाणा में गेहूं की बिजाई समाप्त हो चुकी है जबकि उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश, राजस्थान, बिहार, गुजरात एवं महाराष्ट्र सहित कई अन्य राज्यों में बिजाई की प्रक्रिया अभी जारी है। गेहूं का सामान्य औसत क्षेत्रफल 312.25 लाख हेक्टेयर आंका गया है। 

राज्य कृषि विभागों के आंकड़ों से पता चलता है कि पिछले साल के मुकाबले मौजूदा रबी सीजन के दौरान गेहूं का उत्पादन क्षेत्र 16 दिसम्बर तक राजस्थान में 30 लाख हेक्टेयर से बढ़कर 33.83 लाख हेक्टेयर तथा महाराष्ट्र में 8.39 लाख हेक्टेयर से सुधरकर 9.23 लाख हेक्टेयर पर पहुंचा।

इसी तरह गुजरात में 15 दिसम्बर तक गेहूं का बिजाई क्षेत्र 10 लाख हेक्टेयर से बढ़कर 10.83 लाख हेक्टेयर तथा मध्य प्रदेश में 12 दिसम्बर तक 81.86 लाख हेक्टेयर से बढ़कर 83.52 लाख हेक्टेयर पर पहुंचा।

इस तरह उपरोक्त चार प्रांतों में गेहूं का कुल रकबा उछलकर 137.41 लाख हेक्टेयर हो गया जो पिछले साल के बिजाई क्षेत्र 130.25 लाख हेक्टेयर से 7.16 लाख हेक्टेयर ज्यादा रहा। इन प्रांतों में गेहूं की बिजाई अभी जारी है। 

केन्द्र सरकार द्वारा गेहूं का न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) 2024-25 सीजन के 2425 रुपए प्रति क्विंटल से 160 रुपए बढ़ाकर 2025-26 सीजन के लिए 2585 रुपए प्रति क्विंटल नियत किया गया है

जिससे किसान काफी उत्साहित हैं। इसके अलावा गेहूं फसल की बिजाई एवं प्रगति के लिए मौसमी परिस्तिथियां  भी अनुकूल बनी हुई हैं।