अप्रैल के लिए 23.50 लाख टन चीनी की घरेलू बिक्री का कोटा घोषित

27-Mar-2025 08:12 PM

नई दिल्ली। केन्द्रीय खाद्य उपभोक्ता मामले एवं सार्वजनिक वितरण मंत्रालय के अधीनस्थ निकाय- चीनी तथा वनस्पति तेल निदेशालय ने अप्रैल 2025 के दौरान घरेलू प्रभाग में बिक्री के लिए सम्पूर्ण देश की इकाइयों के वास्ते 23.50 लाख टन चीनी का (फ्री सेल) कोटा निर्धारित किया है

जो मार्च 2025 के लिए नियत कोटा 23 लाख टन से 50 हजार टन ज्यादा मगर अप्रैल 2024 के लिए निर्धारित कोटा 25 लाख टन से 1.50 लाख टन कम है। इससे पूर्व जनवरी तथा फरवरी 2025 के लिए 23.50-23.50 लाख टन चीनी का फ्री सेल कोटा जारी किया गया था।

इस तरह चालू वर्ष के शुरूआती चार महीनों यानी जनवरी-अप्रैल 2025 के लिए कुल मिलाकर 91.50 लाख टन चीनी की बिक्री का कोटा जारी किया गया है जो वर्ष 2024 इन्हीं महीनों के लिए नियत कोटा 93.50 लाख टन से 2 लाख टन कम मगर वर्ष 2023 की समान अवधि के लिए निर्धारित कोटा 87 लाख टन से 4.50 लाख टन अधिक है।

दरअसल पिछले साल लोकसभा चुनाव की गहमा गहमी के कारण अप्रैल मई तथा जून में चीनी का फ्री सेल कोटा बढ़ा दिया गया था। 

उल्लेखनीय है कि चीनी का सबसे ऊंचा 29 लाख टन का मासिक फ्री सेल कोटा अक्टूबर 2023 में तथा दूसरा सबसे ऊंचा 27.50 लाख टन का कोटा अगस्त 2023 में नियत किया गया था। इसके बाद मई 2024 में 27 लाख टन का कोटा जारी किया गया था। 

बढ़ती गर्मीं के साथ चीनी की औद्योगिक मांग एवं खपत में वृद्धि होने लगी है और अप्रैल में इसका सिलसिला बरकरार रहने की संभावना है।

इसे देखते हुए अप्रैल माह के लिए नियत 23.50 लाख टन चीनी का फ्री सेल कोटा ज्यादा बड़ा प्रतीत नहीं होता है और मिलर्स को इसकी बिक्री करने में कोई खास कठिनाई नहीं होनी चाहिए।

चीनी का दाम भी मजबूत रहने की उम्मीद है। 10 लाख टन चीनी का निर्यात कोटा भी बाजार को मजबूती प्रदान कर सकता है।