अर्जेन्टीना में बारिश से सोयाबीन एवं मक्का की फसल को फायदा

31-Mar-2025 05:30 PM

ब्यूनस आयर्स। हालांकि गत सप्ताह अर्जेन्टीना के अधिकांश भागों में मौसम आमतौर पर साफ एवं शुष्क रहा जिससे विगत दिनों के दौरान हुई वर्षा से गीले खेतों में नमी का स्तर कुछ घट गया और मक्का फसलों की कटाई-तैयारी में किसानों को सहायता मिली।

मौसम विभाग ने अगले एक-दो सप्ताह में अच्छी वर्षा होने की संभावना व्यक्त की है जिससे खासकर सोयाबीन एवं मक्का की पिछैती बिजाई वाली फसल को फायदा होने की उम्मीद है।

वैसे मार्च के दूसरे तीसरे सप्ताह के दौरान हुई जोरदार बारिश के कारण वहां फसलों की कटाई-तैयारी में बाधा पड़ी थी लेकिन चौथे सप्ताह में मौसम अनुकूल हो गया। 

अर्जेन्टीना में सोयाबीन फसल की कटाई लगभग शुरू हो गई है। आगामी समय में मौसम साफ रहने पर कटाई की गति तेज हो सकती है।

लेकिन इसकी औसत उपज के बारे में फिलहाल अनिश्चिता बरकरार है, क्योंकि मौसम का कोई भरोसा नहीं है कि वह कब बिगड़ जाए।

जब तक खेतों में फसल की जोरदार कटाई शुरू नहीं हो जाती और सोयाबीन का नया माल किसानों के पास नहीं पहुंच जाता तब तक उत्पादन एवं उपज दर के बारे में कुछ भी निश्चित रूप से कहना मुश्किल है। इतना अवश्य कहा जा सकता है कि मार्च की अच्छी वर्षा से कई इलाकों में फसल को फायदा हुआ है। 

मौजूदा परिस्थितियों को देखते हुए एक अग्रणी विश्लेषक ने अर्जेन्टीना में 2024-25 सीजन के लिए सोयाबीन का उत्पादन अनुमान 480 लाख टन के पुराने स्तर पर बरकरार रखा है।

उसका कहना है कि फसल की कटाई-तैयारी शुरू होने के बाद जब नए माल की आवक आरंभ होगी तब वहां उत्पादन के अनुमान में वृद्धि या कटौती करने का आधार बन सकता है।

इस लैटिन अमरीकी देश में सोयाबीन की 27 प्रतिशत फसल को खराब या बहुत कमजोर स्थिति में आंका गया है जबकि 44 प्रतिशत फसल को सामान्य तथा 29 प्रतिशत फसल को उत्साहवर्धक माना गया है।

इससे पूर्ववर्ती सप्ताह में 24 प्रतिशत फसल को ही उत्कृष्ट हालत में आंका गया था। लगभग 16 प्रतिशत सोयाबीन उत्पादक क्षेत्र में मिटटी में नमी का अभाव है जबकि 82 प्रतिशत क्षेत्रफल में नमी सामान्य एवं 2 प्रतिशत में ज्यादा है।

उल्लेखनीय है कि अर्जेन्टीना दुनिया में सोयाबीन का तीसरा सबसे प्रमुख उत्पादक एवं निर्यातक देश है जबकि सोया तेल और सोयामील के निर्यात में प्रथम स्थान पर रहता है। भारत में सोया तेल का सर्वाधिक आयात अर्जेन्टीना से ही होता है।