Home News

अर्जेटनीना में सोयामील का भाव ब्राजील से ऊपर पहुंचा

08-Oct-2026 05:09 PM

अर्जेटनीना में सोयामील का भाव ब्राजील से ऊपर पहुंचा

ब्यूनस आयर्स। लैटिन अमरीकी देश- अर्जेन्टीना में सोयामील का निर्यात ऑफर मूल्य ब्राजीलियन उत्पाद की तुलना में करीब 7 डॉलर प्रति टन ऊंचा हो गया है। मई 2026 के बाद यह पहला मौका है जब दोनों देशों के सोयामील के निर्यात ऑफर मूल्य में इतना बड़ा अंतर आया है। मई में खराब मौसम के कारण अर्जेन्टीना के किसानों को सोयाबीन फसल की कटाई-तैयारी का अभियान कुछ समय के लिए स्थगित करना पड़ा था जिससे सोयामील का भाव बढ़ गया था। 

दक्षिण अमरीका महाद्वीप में सितम्बर माह के दौरान सोयामील के निर्यात ऑफर मूल्य में करीब 6 प्रतिशत की बढ़ोत्तरी हो गई क्योंकि यूरोपीय संघ के सदस्य देशों में इसकी मांग काफी मजबूत रही। दरअसल यूरोपीय संघ (ईयू) में डिफोरस्टेशन रेग्युलेशन (ईयूडीआर) लागू होने से पूर्व आयातकों ने सोयामील के आयात में भारी दिलचस्पी दिखाई थी।

व्यापार विश्लेषकों के मुताबिक आमतौर पर अर्जेन्टीना का सोयामील ब्राजील की तुलना में सस्ते दाम पर उपलब्ध रहता है लेकिन अभी बाजार की स्थिति असामान्य देखी जा रही है। परिवहन का संकट इसका एक महत्वपूर्ण कारण माना जा रहा है। अर्जेन्टीना से सोयामील अधिकांश निर्यात अप रिवर कॉरिडोर के जरिए होता है लेकिन वहां पानी कम होने से बड़े-बड़े जहाजों के आने-जाने तथा उस पर माल की लोडिंग करने पर सीमा और संख्या का निर्धारण कर दिया गया है। 

यूरोपीय संघ की जोरदार मांग ने अर्जेन्टीना-ब्राजील में सोयामील के निर्यात मूल के ढांचे में बदलाव कर दिया। यूरोपीय संघ में स्पेन, जर्मनी, पौलेंड, नीदरलैंड तथा इटली अर्जेन्टीना के सोयामील के प्रमुख खरीदार बने हुए हैं।