Home News

दाल मिलों की मजबूत खरीद से उड़द में तेजी, आयातित उड़द के भाव भी बढ़े

08-Oct-2026 06:00 PM

दाल मिलों की मजबूत खरीद से उड़द में तेजी, आयातित उड़द के भाव भी बढ़े

दाल मिलों की लगातार खरीदारी के चलते घरेलू बाजार में उड़द के भाव में तेजी का रुख बना हुआ है। बर्मा से आयातित उड़द एफएक्यू और एसक्यू की कीमतों में भी मजबूती देखने को मिली है। उड़द एफएक्यू के दाम अक्टूबर एवं नवंबर शिपमेंट के लिए 15 डॉलर बढ़कर करीब 945 डॉलर प्रति टन, सीएंडएफ हो गए हैं।

वहीं, एसक्यू उड़द के भाव भी बढ़कर 1,025 डॉलर प्रति टन, सीएंडएफ हो गए हैं। चेन्नई में उड़द के भाव स्थिर से तेज हुए हैं। घरेलू बाजार में दाल मिलों की बढ़ती मांग ने उड़द की कीमतों को मजबूती प्रदान की है। हालांकि, ऊंचे भाव पर मिलों की खरीद मुख्यतः जरूरत के अनुसार ही हो रही है।

बाजार जानकारों के अनुसार, यदि कीमतों में आगे भी तेजी बनी रहती है तो कुछ स्तरों पर मुनाफावसूली देखने को मिल सकती है। दूसरी ओर, मौसम अनुकूल रहने पर आगामी दिनों में प्रमुख उत्पादक राज्यों की मंडियों में नई देशी उड़द की आवक बढ़ने की संभावना है।

हालांकि, त्योहारों के सीजन के कारण अगले दो महीनों में उड़द दाल की मांग मजबूत बने रहने की संभावना है। मजबूत मांग, सीमित बिकवाली और आयातित उड़द के बढ़ते भाव को देखते हुए आने वाले दिनों में उड़द की कीमतों में और तेजी की संभावना से इनकार नहीं किया जा सकता।