Home News

भारत में मक्का का उत्पादन 32 प्रतिशत तक घटने की आशंका

30-Sep-2026 12:59 PM

भारत में मक्का का उत्पादन 32 प्रतिशत तक घटने की आशंका

मुम्बई। एक अग्रणी उद्योग- व्यापार विश्लेषक का कहना है कि भारत में 2026-27 सीजन की पूरी अवधि के दौरान मक्का के सकल उत्पादन में 32 प्रतिशत तक की जोरदार गिरावट आ सकती है। खरीफ सीजन में इसका रकबा करीब 2 लाख हेक्टेयर घट गया है और कई राज्यों में फसल को सूखा तथा बाढ़ से भारी नुकसान हुआ है। अल नीनो मौसम चक्र की तीव्रता एवं ताकत बढ़ने से आगामी रबी तथा जायद सीजन में भी मक्का के उत्पादन पर खतरा बरकरार रह सकता है।  

उल्लेखनीय है कि 2025-26 सीजन के लिए केन्द्रीय कृषि मंत्रालय ने 550 लाख टन मक्का का घरेलू उत्पादन आंका था जबकि विश्लेषक ने 2026-27 के सीजन में उत्पादन घटकर 377 लाख टन पर सिमटने का अनुमान लगाया है। 

विश्लेषक के अनुसार मक्का के प्रमुख उत्पादक राज्यों में इस बार मानसून की वर्षा सामान्य औसत से 15 प्रतिशत कम हुई है। भारत में करीब 80 प्रतिशत मक्का का उत्पादन 128 जिलों में होता है। इसमें से उन 68 जिलों में सामान्य औसत के सापेक्ष 20 प्रतिशत कम बारिश हुई है जहां लगभग 60 प्रतिशत मक्का का उत्पादन होता है।

इसमें अधिकांश जिले कर्नाटक, महाराष्ट्र एवं तेलंगाना में स्थित है। एक अन्य प्रमुख उत्पादक राज्य- बिहार के 14 जिलों में 13 प्रतिशत कम वर्षा हुई है। बिहार में मक्का का 20 प्रतिशत उत्पादन खरीफ सीजन में तथा 80 प्रतिशत उत्पादन रबी सीजन में होता है। कुछ अन्य राज्यों में भी फसल की हालत कमजोर बताई जा रही है।