Home News

उर्वरक सब्सिडी 3 लाख करोड़ रुपए की सीमा को पार कर जाने की संभावना

30-Sep-2026 11:42 AM

उर्वरक सब्सिडी 3 लाख करोड़ रुपए की सीमा को पार कर जाने की संभावना

नई दिल्ली। वैश्विक बाजार भाव में तेजी आने तथा समय की विनिमय दर कमजोर रहने से चालू वित्त वर्ष के दौरान उर्वरकों पर दी जाने वाली सब्सिडी बढ़कर 3 लाख करोड़ रुपए की सीमा को पार कर जाने की संभावना है। इसे देखते हुए केन्द्र सरकार ने राज्य से रासानिक उर्वरकों के जरूरत से ज्यादा उपयोग पर अंकुश लगाने हेतु उचित कदम उठाने के लिए कहा है। 

आधिकारिक सूत्रों के अनुसार 1 अक्टूबर 2026 को देश में रासायनिक उर्वरकों का बकाया स्टॉक गत 3 साल के ऊंचे स्तर पर मौजूद रहने का अनुमान है जबकि घरेलू उत्पादन की स्थिति भी बेहतर बनी हुई है लेकिन इसके बावजूद विदेशों से विशाल मात्रा में उर्वरकों का आयात करने की आवश्यकता पड़ेगी। इससे सब्सिडी में भारी इजाफा होगा।

केन्द्रीय उर्वरक सचिव के अनुसार अमरीका- ईरान के बीच युद्ध शुरू होने के बाद उर्वकरों की कीमत एवं इस पर की जाने वाली सब्सिडी में जोरदार वृद्धि हुई है। युद्ध से पूर्व यूरिया की एक बोरी (45 किलो) पर 1350 रुपए की सब्सिडी दी जा रही थी जो अब दोगुने से ज्यादा (106 प्रतिशत) बढ़कर 2775 रुपए हो गई है।

इसी तरह डीएपी की प्रत्येक बोरी (50 किलो) पर प्रदत्त सब्सिडी 2102 रुपए से 61 प्रतिशत बढ़कर 3523 रुपए हो गई है। इसके फलस्वरूप, उर्वरकों पर सब्सिडी के कुल राशि 3 लाख करोड़ रुपए से ऊपर पहुंच जाने की संभावना है। उर्वरकों के वैश्विक बाजार मूल्य पर गहरी नजर रखी जा रही है।