Home News

सीपीओपीसी का भारत के साथ करीबी रिश्ता रखने पर जोर

30-Sep-2026 12:37 PM

सीपीओपीसी का भारत के साथ करीबी रिश्ता रखने पर जोर

मुम्बई। दि कौंसिल ऑफ पाम ऑयल प्रोड्यूसिंग कंट्रीज (पाम तेल उत्पादक देशों की परिषद या सीपीओपीसी) ने अपने सदस्य देशों को भारत के साथ निकट का सम्बन्ध बनाए रखने का सुझाव देते हुए कहा है कि भारत दुनिया में पाम तेल सहित खाद्य तेलों का सबसे प्रमुख, स्थायी एवं विश्वसनीय आयातक देश है। भारत पाम तेल के प्रमुख उत्पादक एवं निर्यातक देशों का महत्वपूर्ण पार्टनर है और इसलिए उसके साथ प्रगाढ़ रिश्ता होना जरुरी है। 

वेस्ट इन मुम्बई, पवई लेक में आयोजित तीन दिवसीय ग्लोब ऑयल कांफ्रेंस को सम्बोधित करते हुए कौंसिल के महासचिव ने कहा कि भारत में खाद्य तेलों का उत्पादन बढ़ाने के लिए जो प्रयास किए जा रहे हैं वे प्रशंसनीय है। मजबूत घरेलू उत्पादन क्षमता के साथ विदेशों से आयात पर बढ़ती निर्भरता के कारण भारत को अपने खाद्य तेल की मांग एवं जरूरत को पूरा करने में आसानी हो रही है। भारत की दीर्घकालीन खाद्य सुरक्षा को सुनिश्चित करने में इससे अच्छी सहायता मिलेगी।

उल्लेखनीय है कि ग्लोब ऑयल इंडिया कांफ्रेंस के इस तीन दिवसीय 29 वें संस्करण का आयोजन 29 सितम्बर से आरंभ हो चुका है जो 1 अक्टूबर 2026 तक जारी रहेगा। इसमें देश-दुनिया के वनस्पति तेल उद्योग एवं व्यापार क्षेत्र से सम्बद्ध साइकों प्रतिनिधि, विशेषज्ञ एवं विश्लेषक भाग ले रहे हैं। कांफ्रेंस में भाग लेने वालों में खाद्य तेल उद्योग के महारथी, व्यापारी, प्रोसेसर्स, आयातक, रिफाइनर्स, कॉमोडिटी एक्सचेंज, संघ-संगठन तथा नीति निर्माता आदि सम्मिलित हैं। 

कांफ्रेंस के पाम ऑयल सेशन को सम्बोधित करते हुए कौंसिल के उप महासचिव ने कहा कि पाम तेल के उत्पादक एवं निर्यातक देशों में जैव ईंधन (बायो फ्यूल) की तेजी से बढ़ती मांग को देखते हुए यह काफी महत्वपूर्ण एवं आवश्यक हो गया है कि पाम तेल के आयातक एवं निर्यातक देशों के बीच निरन्तर सम्पर्क और संवाद जारी रहे और दोनों पक्ष एक-दूसरे को सही समय पर आवश्यक जानकारी एवं सूचना का आदान-प्रदान करें।