भारत से विभिन्न कृषि एवं खाद्य उत्पादों के निर्यात प्रदर्शन में सुधार

22-Mar-2025 05:04 PM

नई दिल्ली। केन्द्रीय वाणिज्य मंत्रालय के अधीनस्थ निकाय- कृषि एवं प्रसंस्कृत खाद्य उत्पाद निर्यात विकास प्राधिकरण (एपीडा) के आंकड़ों से पता चलता है कि चालू वित्त वर्ष के शुरूआती नौ महीनों में अधिकांश कृषि एवं खाद्य उत्पादों के निर्यात का प्रदर्शन बेहतर रहा।

एपीडा के मुताबिक अप्रैल- दिसम्बर 2024 के नौ महीनों की अवधि के दौरान भारत से 93.30 लाख टन गैर बासमती चावल तथा 42.40 लाख टन बासमती चावल का शिपमेंट हुआ जबकि पिछले वित्त वर्ष (2023-24) की सम्पूर्ण अवधि (अप्रैल-मार्च) के दौरान देश से 111.20 लाख टन गैर बासमती चावल एवं 52.40 लाख टन बासमती चावल का निर्यात किया गया था।

जब जनवरी-मार्च 2025 की तिमाही का आंकड़ा सामने आएगा तभी पता चलेगा कि वास्तविक निर्यात में कितनी वृद्धि या कमी हुई। आमतौर पर चावल का निर्यात बढ़ने की उम्मीद की जा रही है। 

एपीडा की रिपोर्ट के मुताबिक अप्रैल-दिसम्बर 2024 के दौरान भारत से 10.80 लाख टन मसाला, 28.20 लाख टन ऑयल मील (डीओसी), 5.60 लाख टन अरंडी तेल, 5.40 लाख टन मूंगफली, 4.80 लाख टन दलहन, 2.30 लाख टन वनस्पति तेल, 3.30 लाख टन ग्वार गम,

1.80 लाख टन तिल, 50 हजार टन प्रसंस्कृत काजू, 4.90 लाख टन अन्य अनाज, 2 लाख टन मिल्ड उत्पाद तथा 3.20 लाख टन कपास या रूई (वैस्ट सहित) का निर्यात हुआ। इसके सापेक्ष वित्त वर्ष की पूरी अवधि में देश से 14.20 लाख टन मसाले, 42.70 लाख टन ऑयल मील, 6.90 लाख टन अरंडी तेल,

6.80 लाख टन मूंगफली दाना, 5.70 लाख टन रूई एवं वैस्ट, 5.90 लाख टन दाल-दलहन, 2.10 लाख टन वनस्पति तेल, 4.20 लाख टन ग्वार गम, 2.40 लाख तिल, 70 हजार टन प्रसंस्कृत काजू, 16 लाख टन अन्य अनाज तथा 2.60 लाख टन मिल्ड उत्पादों का शिपमेंट किया गया था। 

उल्लेखनीय है कि भारत दुनिया में चावल, मसालों, अरंडी तेल एवं ग्वार गम का सबसे प्रमुख निर्यातक देश है जबकि अन्य कृषि एवं खाद्य उत्पादों का निर्यात भी बड़े पैमाने पर करता है।