फिलिपीन्स में चावल पर आयात शुल्क घटाकर 15 प्रतिशत निर्धारित
25-Jun-2024 02:21 PM
मनीला। दक्षिण-पूर्व एशिया में अवस्थित संसार के एक अग्रणी चावल आयातक देश-फिलिपीन्स की सरकार ने चावल के आयात पर सीमा शुल्क की दर को 35 प्रतिशत से घटाकर 15 प्रतिशत निर्धीर कर दिया है। यह शुल्क कटौती का निर्णय अगस्त 2024 के आरम्भ से लागू होगा और वर्ष 2028 तक प्रभावी रहेगा। ध्यान देने की बात है कि फिलिपीन्स में चावल का सर्वाधिक आयात वियतनाम से होता है। दरअसल फिलिपीन्स में घरेलू उत्पादन कम होने से प्रति वर्ष वियतनाम एवं थाईलैंड सहित कुछ अन्य देशों से विशाल मात्रा में चावल का आयात करना पड़ता है लेकिन सीमा शुल्क की ऊंची दर के कारण आयात महंगा बैठ रहा था और घरेलू बाजार में चावल का दम ऊंचे स्तर पर बरकरार था।
वर्ष 2024 की पहली तिमाही के दौरान फिलिपीन्स में चावल सहित कुछ अन्य आवश्यक वस्तुओं के दाम में बढ़ोत्तरी का सिलसिला जारी रहा। चावल के दाम में 24.4 प्रतिशत की भारी वृद्धि दर्ज की गयी। फिलिपींस के उपभोक्ता मूल्य सूचकांक में चावल की भागीदारी करीब 9 प्रतिशत रहती है। फिलिपीन्स स्थित वियतनामी व्यापार कार्यालय के अनुसार चालू वर्ष में फिलिपीन्स अब तक वियतनामी चावल का सबसे बड़ा खरीदार रहा है। वहां लगभग 80 प्रतिशत चावल का आयात अकेले वियतनाम से किया गया। 23 मई 2024 तक वियतनाम से फिलिपीन्स को 14.40 लाख टन चावल का निर्यात किया गया जो फिलिपीन्स के कुल चावल आयात का 73 प्रतिशत रहा। अब सीमा शुल्क में कटौती होने से वहां वियतनामी चावल का आयात और भी तेजी से बढ़ने की सम्भावना है। जनवरी-मई 2024 के दौरान फिलिपीन्स में चावल का कुल आयात 20 प्रतिशत बढ़कर 19.70 लाख टन पर पहुंच गया।
