गुजरात में कलौंजी की बिजाई अधिक - मध्य प्रदेश एवं राजस्थान में कम
24-Dec-2024 08:38 PM
नई दिल्ली । वर्तमान में हाजिर एवं निर्यात व्यापार कम होने के कारण कलौंजी के भाव मंदे के साथ बोले जा रहे हैं। सूत्रों का कहना है कि क्रिसमस एवं नववर्ष के कारण अभी बाजार में निर्यात एवं लोकल व्यापार कम रहेगा। जिस कारण से अभी भाव 3/5 रुपए प्रति किलो और घट सकते हैं। विगत एक पखवाड़े के दौरान कलौंजी के दामों में 3/5 रुपए प्रति किलो की गिरावट दर्ज की गई है।
बिजाई अनुमान
जानकार सूत्रों का कहना है कि चालू सीजन के दौरान उत्पादकों को उनकी उपज दर उचित मूल्य मिलने के कारण गुजरात में इस वर्ष कलौंजी की बिजाई डेढ़ गुना होने के समाचार मिल रहे हैं। जबकि मध्य प्रदेश एवं राजस्थान में बिजाई 20/25 प्रतिशत घटने के अनुमान लगाए जा रहे हैं।
उत्पादन
बाजार सूत्रों का कहना है कि वर्ष 2023 के दौरान प्रमुख उत्पादक राज्य गुजरात, राजस्थान एवं मध्य प्रदेश में कलौंजी की पैदावर लगभग 4 लाख क्विंटल के आसपास रही थी। जोकि वर्ष 2024 में घटकर 2 लाख क्विंटल के आसपास रह गई। अभी तक के बिजाई के मिल रहे अनुमानों के अनुसार वर्ष 2025 में कलौंजी का उत्पादन 2.25/2.50 लाख क्विंटल के आसपास होने की संभावना है बशर्ते आगामी दिनों में मौसम फसल के अनुकूल रहे। सूत्रों का मानना है कि मार्च 2025 में आने वाली कलौंजी का उत्पादन मध्य प्रदेश में 1.25/1.50 लाख क्विंटल, गुजरात 60/70 हजार एवं राजस्थान 30/40 हजार क्विंटल होने के अनुमान लगाए जा रहे हैं।
भाव गत वर्ष से अधिक
चालू सीजन के दौरान उत्पादन कम रहने के कारण कलौंजी के दाम गत वर्ष की तुलना में ऊंचे बने रहे वर्तमान में भी भाव ऊंचे बोले जा रहे है। गत वर्ष दिसम्बर माह में मध्य प्रदेश की मंडियों में कलौंजी के भाव 170/175 रुपए चल रहे थे जबकि दिल्ली में भाव 180/190 रुपए बोला जा रहा था। वर्तमान में नीमच मंडी में कलौंजी का भाव 180/185 रुपए एवं दिल्ली में भाव 205/210 रुपए बोला जा रहा है।
अधिक मन्दा नहीं
जानकार सूत्रों का का कहना है कि कलौंजी की वर्तमान कीमतों में अधिक मंदे की संभावना नहीं है। हालांकि आने वाली फसल गत वर्ष की तुलना में कुछ बढ़ने के समाचार है लेकिन बकाया स्टॉक काफी कम रहने के समाचार है। प्राप्त जानकारी के अनुसार गत उत्पादक केन्द्रों पर कलौंजी का स्टॉक लगभग 1.50/1.75 लाख बोरी का था जोकि इस वर्ष 40/50 हजार बोरी माना जा रहा है।
