कैलिफोर्निया से बादाम के निर्यात में 6 प्रतिशत की गिरावट
19-Dec-2025 08:39 PM
लॉस एंजिल्स। अमरीका के सबसे प्रमुख बादाम उत्पादक राज्य- कैलिफोर्निया से इस वर्ष इस महत्वपूर्ण सूखे मेवों के निर्यात में गिरावट देखी जा रही है और अमरीका में इसकी घरेलू मांग एवं खपत में भी कमी आई है।
उल्लेखनीय है कि कैलिफोर्निया से भारत समेत दुनिया के कई देशों को भारी मात्रा में बादाम का निर्यात किया जाता है जिसमें संयुक्त अरब अमीरात (यूएई), स्पेन, तुर्की, वियतनाम, इटली, हॉलैंड, मोरक्को, जर्मनी, जापान तथा चीन आदि शामिल हैं। भारत इसका प्रमुख आयातक देश माना जाता है।
उपलब्ध आंकड़ों के अनुसार चालू कैलेण्डर वर्ष के आरम्भिक 11 महीनों में यानी जनवरी-नवम्बर 2025 के दौरान कैलिफोर्निया से कुल 13.92 लाख टन बादाम का निर्यात हुआ जो वर्ष 2024 के इन्हीं महीनों के शिपमेंट 14.81 लाख टन से 6 प्रतिशत कम रहा।
इसी तरह वहां बादाम की घरेलू खपत भी इस अवधि में 5.29 लाख टन से 19 प्रतिशत या 1.02 लाख टन घटकर 4.27 लाख टन पर अटक गई। इस प्रकार कैलिफोर्निया से निर्यात और घरेलू उपयोग को मिलाकर कुल 18.18 लाख टन बादाम की निकासी हुई जो पिछले साल की मात्रा 28.10 लाख टन से करीब 10 प्रतिशत कम रही।
जनवरी-नवम्बर 2024 की तुलना में जनवरी-नवम्बर 2025 के दौरान कैलिफोर्निया से बादाम का निर्यात भारत में 2.70 लाख टन से घटकर 2.18 लाख टन, संयुक्त अरब अमीरात में 1.49 लाख टन से गिरकर 1.38 लाख टन तुर्की में 1.15 लाख टन से फिसलकर 1.08 लाख टन, हॉलेंड में 96 हजार टन से लुढ़ककर 64 हजार टन,
जर्मनी में 56 हजार टन से गिरकर 51 हजार टन, जापान में 46 हजार टन से फिसलकर 45 हजार टन तथा अन्य देशों में 4.93 लाख टन से घटकर 4.22 लाख टन पर अटक गया।
दूसरी ओर इस महत्वपूर्ण सूखे मेवे का निर्यात स्पेन में 1.08 लाख टन से बढ़कर 1.28 लाख टन, वियतनाम में 51 हजार टन से उछलकर 94 हजार टन,
इटली में 61 हजार टन से बढ़कर 71 हजार टन तथा मोरक्को में 35 हजार टन से उछलकर 52 हजार टन पर पहुंच गया। भारत में हाल के महीनों में वहां से बादाम का आयात कम हुआ है।
