कनाडा में मसूर के बिजाई क्षेत्र एवं उत्पादन में गिरावट आने का अनुमान
22-Mar-2025 12:30 PM
ओटावा। मसूर के सबसे प्रमुख उत्पादक एवं निर्यातक देश- कनाडा के कृषि मंत्रालय ने 2025-26 के सीजन में इस महत्वपूर्ण दलहन फसल का बिजाई क्षेत्र घटकर 17.69 लाख हेक्टेयर तथा उत्पादन गिरकर 23.30 लाख टन पर अटक जाने का अनुमान लगाया है।
मंत्रालय ने मसूर की औसत उपज दर में भी गिरावट आने की संभावना व्यक्त की है। लेकिन विशाल बकाया स्टॉक की मौजूदगी के कारण मसूर की कुल उपलब्धता बढ़कर 28.74 लाख टन पर पहुंचने की उम्मीद है।
इसमें से 21 लाख टन का निर्यात हो सकता है जिससे अंतिम अधिशेष स्टॉक में बढ़ोत्तरी होगी। 2025-26 के मार्केटिंग सीजन (अगस्त-जुलाई) के दौरान मसूर का औसत भाव 2024-25 सीजन की तुलना में कुछ नीचे रहने की संभावना है।
कृषि मंत्रालय के मुताबिक 2024-25 के वर्तमान मार्केटिंग सीजन के दौरान कनाडा से करीब 21 लाख टन मसूर का निर्यात होने का अनुमान है।
भारत, तुर्की तथा संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) इसके तीन प्रमुख खरीदार बने हुए हैं। आधिकारिक आंकड़ों के अनुसार चालू मार्केटिंग सीजन के शुरूआती छह महीनों में यानी अगस्त 2024 से जनवरी 2025 के दौरान कनाडा से मसूर का कुल निर्यात बढ़कर 11.20 लाख टन पर पहुंच गया
जो 2023-24 सीजन की समान अवधि के शिपमेंट से करीब 25 प्रतिशत ज्यादा है लेकिन आगामी महीनों का प्रदर्शन कुछ कमजोर रहने की संभावना है।
भारत में मसूर पर 11 प्रतिशत का आयात शुल्क लागू हो गया है और तुर्की में जून-जुलाई में नई फसल आने वाली है। वहां उत्पादन बेहतर होने का अनुमान लगाया जा रहा है।
कनाडा से अमरीका को मसूर के निर्यात में भारी कठिनाई हो सकती है। मार्केटिंग सीजन के अंत में कनाडा में मसूर का बकाया अधिशेष स्टॉक बढ़कर 3.40 लाख टन पर पहुंच सकता है।
मार्केटिंग सीजन के दौरान मसूर का औसत मूल्य घटकर 835 डॉलर प्रति टन रह जाने की संभावना है क्योंकि वैश्विक बाजार में आपूर्ति की स्थिति बेहतर रहेगी।
सबसे प्रमुख उत्पादक राज्य- सस्कैचवान प्रान्त में फरवरी 2025 के दौरान उत्पादक केन्द्रों पर मोटी हरी मसूर के दाम में 45 डॉलर प्रति टन तथा लाल मसूर के मूल्य में 15 डॉलर प्रति टन की गिरावट दर्ज की गई।
