कनाडा से मटर का निर्यात गत सीजन से पीछे
16-Jan-2026 08:30 PM
विनीपेग। कनाडियन ग्रेन कमीशन (सीजीसी) की रिपोर्ट से पता चलता है कि नवम्बर 2025 के दौरान देश के लाइसेंस युक्त टर्मिनल तथा प्राइमरी एलिवेटर्स के माध्यम से निर्यात उद्देश्य के लिए कुल 1.36 लाख टन मटर की लोडिंग हुई जिसे मिलाकर 2025-26 के वर्तमान मार्केटिंग सीजन (अगस्त-जुलाई) के शुरुआती चार महीनों में यानी अगस्त-नवम्बर 2025 के दौरान मटर की कुल बल्क निर्यात लोडिंग 10,27,700 टन पर पहुंची।
यह मात्रा वर्ष 2024 की समान अवधि के बल्क लोडिंग 11,65,700 टन से 1.38 लाख टन या करीब 12 प्रतिशत कम रही। उल्लेखनीय है कि लाइसेंस युक्त टर्मिनलों तथा प्राथमिक एलिवेटर्स के माध्यम से निर्यात उद्देश्य के लिए मटर की जो बल्क लोडिंग होती है उसकी सूचना निर्यातकों द्वारा कनाडियन ग्रेन कमीशन को अनिवार्य रूप से दी जाती है।
लेकिन कमीशन के आंकड़ों में वह मात्रा शामिल नहीं होती है जो गैर रिपोर्टिंग स्थानों से बाहर भेजी जाती है। इसके अलावा कंटेनरों में होने वाला निर्यात भी सीजीसी के आंकड़ों में सम्मिलित नहीं माना जाता है।
दूसरी ओर स्टैट्स कैन द्वारा जो आंकड़ा संकलित किया जाता है उसमें सभी तरह का निर्यात शामिल रहता है। इसके फलस्वरूप कनाडियन ग्रेन कमीशन और स्टैट्स कैन के निर्यात आंकड़ों में अक्सर काफी अंतर बना रहता है।
कमीशन उस समय उत्पाद की गणना करता है जब उसे जहाजों पर लादा जाता है जबकि स्टैट्स कैन का आंकड़ा बिल ऑफ लैडिंग की तिथि पर आधारित होता है।
मटर की भांति कनाडा से नवम्बर में मसूर की बल्क लोडिंग में भी कमी आई जिससे इसकी निर्यात मांग कमजोर रहने का संकेत मिलता है। स्टैट्स कैन ने 2025-26 के सीजन में कनाडा में करीब 39 लाख टन मटर के उत्पादन का अनुमान लगाया है।
