कपास के उत्पादन अनुमान में 5 लाख गांठ की कटौती

26-Mar-2025 01:47 PM

नई दिल्ली। कपास की पैदावार एवं खपत संबंधी समिति (सीओसीपीसी) ने 2024-25 के वर्तमान मार्केटिंग सीजन के लिए कपास के घरेलू उत्पादन का अनुमान अब घटाकर 294.25 लाख गांठ निर्धारित कर दिया है जो नवम्बर 2024 में लगाए गए अनुमान 299.26 लाख गांठ से 5 लाख गांठ या 1.67 प्रतिशत कम है।

कपास की प्रत्येक गांठ 170 किलो की होती है। समिति ने देश के सबसे प्रमुख उत्पादक राज्य- गुजरात में फसल की उपज दर एवं पैदावार में गिरावट आने की संभावना के आधार पर कपास का उत्पादन अनुमान घटाया है। 

गुजरात में पहले 2024-25 सीजन के दौरान 84.01 लाख गांठ कपास के उत्पादन का अनुमान लगाया गया था जिसे अब 15  प्रतिशत घटाकर 71.34 लाख गांठ नियत किया गया है।

इसका प्रमुख कारण राज्य में कपास की औसत उपज दर के अनुमान में कटौती होना है। पहले वहां कपास की औसत उत्पादकता 597 किलो प्रति हेक्टेयर आंकी गई थी

मगर अब इसे घटाकर 507 किलो प्रति हेक्टेयर निर्धारित किया गया है। दरअसल फसल की प्रगति के चरण में मौसम की हालत प्रतिकूल हो जाने से उपज दर प्रभावित हुई।

दूसरी ओर अब तक दूसरे स्थान पर चल रहे महाराष्ट्र में बेहतर उपज दर की उम्मीद के आधार पर कपास के उत्पादन का अनुमान 84.01 लाख गांठ से 5 प्रतिशत या 5.08 लाख गांठ बढ़ाकर अब 89.09 लाख गांठ नियत किया गया है।

वहां कपास की औसत उपज दर का अनुमान भी 352 किलो प्रति हेक्टेयर से बढ़कर 370.66 किलो प्रति हेक्टेयर पर पहुंचने की संभावना व्यक्त की गई है।

इसके साथ ही गुजरात को पीछे छोड़कर महाराष्ट्र अब देश में कपास का सबसे प्रमुख उत्पादक राज्य बन गया है। तेलंगाना तीसरे नम्बर पर बरकरार है।

वहां भी मौसम की हालत महाराष्ट्र की भांति काफी हद तक फसल के लिए अनुकूल रही। मध्य प्रदेश में भी कपास की उत्पादन अनुमान 14.12 लाख गांठ से बढ़ाकर 15.35 लाख गांठ निर्धारित किया गया है।