केरल के कई जिलों में भारी बारिश की चेतावनी
24-Jun-2024 01:52 PM
तिरुअनन्तपुरम । देश के सुदूर पश्चिमी राज्य- केरल में मानसून एक बार फिर सक्रिय हो गया है। मौसम विभाग ने केरल केअलप्पुरम जिले में अत्यन्त भारी वर्षा का रेड अलर्ट तथा सात अन्य जिलों में मूसलाधार बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।
मौसम विभाग ने 22 जून को कोझिकोड, वायनाड एवं कन्नूर जिले में वर्षा का रेड अलर्ट जारी किया था। रेड अलर्ट भारी से अत्यन्त भारी या महज 24 घंटे के अंदर २० सें०मी० से अधिक वर्षा का संकेतक होता है।
केरल के जिन जिलों में वर्षा का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है उसमें कन्नूर, कोट्टायम, एर्णाकुलम, इडुक्की, मलप्पुरम तथा कासरगोड जिले के लिए 23 जून को भी वर्षा का ओरेंज अलर्ट जारी किया गया था। जब 11 सें०मी० से 20 सें०मी० वर्षा की उम्मीद होती है तब ऑरेंज अलर्ट जारी किया जाता है
जबकि ६ से 11 सें०मी० के बीच वर्षा की संभावना के लिए येलो अलर्ट जारी होता है। मौसम विभाग के 22-23 जून के लिए केरल के कई जिलों में वर्षा का येलो अलर्ट घोषित किया था।
उल्लेखनीय है कि चालू वर्ष के दौरान दक्षिण-पश्चिम मानसून 30 मई को ही केरल पहुंच गया लेकिन कुछ दिनों की सक्रियता के बाद यह गायब सा हो गया। अब इस राज्य में दोबारा मानसून की सक्रियता बढ़ी है जिससे खासकर छोटी इलायची, सुपारी एवं कालीमिर्च सहित अन्य बागानी फसलों को राहत मिलने की संभावना है।
कालीमिर्च की अधिकांश फसल की तुड़ाई -तैयारी हो चुकी है जबकि छोटी इलायची फसल की शीघ्र ही शुरू होने की संभावना है। इस बारिश के दाने की क्वालिटी में सुधार आने के आसार हैं। दक्षिण भारत के अन्य राज्यों में भी मानसून की अच्छी वर्षा हो रही है जिससे खरीफ फसलों की खेती में काफी सहायता मिल रही है।
