मेथी के भाव न्यूनतम स्तर पर
22-Aug-2025 11:04 AM
मंदे की संभावना नहीं
नई दिल्ली। वर्तमान में निर्यात मांग का अभाव बना रहने के कारण मेथी के दाम स्थिर बने हुए हैं। लेकिन चालू सप्ताह के दौरान लोकल मांग बढ़ने के कारण कीमतों में 50/100 रुपए प्रति क्विंटल की मजबूती दर्ज की गई है। सूत्रों का कहना है कि मंडियों में आवक घटने के कारण आगामी दिनों में मेथी की कीमतों में तेजी आने की संभावना है। वर्तमान में उत्पादक केन्द्रों की मंडियों पर पर एवरेज क्वालिटी मेथी का भाव 4700/5200 रुपए प्रति क्विंटल बोला जा रहा है।
जानकार व्यापारियों का मानना है कि चालू सीजन के दौरान उत्पादकों को उनकी उपज दर का उचित मूल्य न मिलने के कारण आगामी वर्ष के लिए मेथी की बिजाई का क्षेत्रफल घटने की संभावना व्यक्त की जा रही है। उल्लेखनीय है कि वर्ष 2024 में उत्पादक केन्द्रों पर मेथी की बिजाई 1.28 लाख हेक्टेयर पर की गई थी जबकि वर्ष 2025 के लिए बिजाई का क्षेत्रफल 1.30 लाख हेक्टेयर का रहा था। मेथी का मुख्यतः उत्पादन मध्य प्रदेश, राजस्थान एवं गुजरात में होता है। उत्पादक केन्द्रों पर मेथी की बिजाई का कार्य अक्टूबर माह में शुरू हो जाएगा।
कुल उपलब्धता कम
चालू सीजन के दौरान हालांकि पैदावार गत वर्ष की तुलना में बढ़ी है लेकिन बकाया स्टॉक कम रहने के कारण कुल उपलब्धता में कमी आई है। एक अनुमान के अनुसार चालू सीजन के दौरान मेथी की पैदावार 18/19 लाख क्विंटल मानी जाने के अलावा बकाया स्टॉक लगभग डेढ़ लाख क्विंटल का माना गया है। जबकि गत वर्ष नई फसल की आवक के समय बकाया स्टॉक लगभग 4 लाख क्विंटल एवं पैदावार 17/18 लाख क्विंटल की रही थी।
आवक
वर्तमान उत्पादक केन्द्रों की मंडियों पर आवक काफी कम रह गई है। प्राप्त जानकारी के अनुसार मध्य प्रदेश की प्रमुख मंडी जावरा एवं नीमच में 1500/2000 बोरी की रह गई है जबकि गुजरात की राजकोट मंडी में आवक 300/400 बोरी की चल रही है। राजस्थान की नरेला मंडी में आवक 500/600 बोरी एवं कोटा में आवक 200/250 बोरी की रह गई है।
मन्दा नहीं
व्यापारियों का कहना है कि मेथी की वर्तमान कीमतों में मंदे की संभावना नहीं है। आगामी दिनों में निर्यात मांग निकलने पर कीमतों में आवश्यक ही तेजी आने की संभावना है। इसके अलावा इस वर्ष बिजाई भी कम रहने की संभावना है। जोकि आगामी दिनों में तेजी का कारण बनेगी। व्यापारिक अनुमान है कि आगामी दिनों में मेथी की कीमतों में 300/500 रुपए प्रति क्विंटल की तेजी बननी चाहिए। जबकि वर्तमान में मेथी के एवरेज क्वालिटी के भाव 4700/5200 रुपए बोले जा रहे है।
निर्यात अधिक
मसाला बोर्ड द्वारा जारी आंकड़ों के अनुसार वर्ष 2025-26 के प्रथम दो माह में मेथी के निर्यातकों में 29 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई है। उल्लेखनीय है कि अप्रैल-मई 2025 के दौरान मेथी का निर्यात 10041.21 टन का हुआ और निर्यात से प्राप्त आय 69.69 करोड़ रुपए की रही। जबकि अप्रैल-मई - 2024 के दौरान मेथी का निर्यात 7765.27 टन का हुआ था और निर्यात से प्राप्त आय 59.56 करोड़ की रही थी। गत सीजन 2024-25 के दौरान मेथी का रिकॉर्ड निर्यात किया गया। वर्ष 2024-25 (अप्रैल-मार्च) के दौरान मेथी का निर्यात 44516 टन का रहा और निर्यात से प्राप्त आय 365.89 करोड़ की रही।
