मेथी उत्पादन गत वर्ष से कम : गुजरात में नई मेथी की आवक शुरू

19-Feb-2026 07:10 PM

नई दिल्ली। चालू सीजन के दौरान प्रमुख उत्पादक राज्य मध्य प्रदेश के अलावा गुजरात एवं राजस्थान में भी मेथी की बिजाई 15/20 प्रतिशत घटने के कारण देश में मेथी का उत्पादन गत वर्ष की तुलना में कम रहने के समाचार मिल रहे हैं। उल्लेखनीय है कि वर्ष 2024 के दौरान देश में मेथी की बिजाई 1.28 लाख हेक्टेयर पर हुई थी जोकि वर्ष 2025 में बढ़कर 1.30 लाख हेक्टेयर हो गई है। लेकिन गत सीजन में उत्पादकों को उनकी उपज का उचित मूल्य न मिलने के कारण बिजाई क्षेत्रफल लगभग 1 लाख हेक्टेयर रह जाने के व्यापारिक अनुमान लगाए जा रहे हैं। 

उत्पादन अनुमान 

जानकारों का कहना है कि वर्ष 2024 के दौरान देश में मेथी का उत्पादन 17/18 लाख क्विंटल का रहा था जोकि वर्ष 2025 में बढ़कर 18/19 लाख क्विंटल का हो गया था। लेकिन अभी तक मिल रहे समाचारों के अनुसार संभावना व्यक्त की जा रही है कि चालू सीजन के दौरान देश में मेथी का उत्पादन 14/15 लाख क्विंटल के आसपास रहेगा। अनुमान व्यक्त किया जा रहा है कि मध्य प्रदेश में इस वर्ष उत्पादन 7/8 लाख क्विंटल के अलावा राजस्थान में उत्पादन 4/5 लाख टन का होने के अनुमान हैं। जबकि गुजरात में उत्पादन 2 लाख क्विंटल होने की संभावना है। 

आवक 

वर्तमान में गुजरात की प्रमुख मंडी राजकोट में नई मेथी की आवक 300/350 बोरी की हो रही है और क्वालिटीनुसार भाव 5500/6700 रुपए प्रति क्विंटल बोले जा रहे हैं। जबकि पुराने मालों के भाव 4400/5700 रुपए चल रहे हैं और आवक 500 बोरी की चल रही है। इसके अलावा मध्य देश की नीमच मंडी के पुराने मालों की आवक 1200/1300 बोरी, जावरा, 700/800 बोरी, मंदसौर 500/600 बोरी की हो रही है। राजस्थान की कोटा मंडी में आवक 200/300 बोरी, नोखा 400/500 बोरी की चल रही है। संभावना व्यक्त की जा रही है कि 15 मार्च के पश्चात मध्य प्रदेश एवं राजस्थान की मंडियों में भी नए मालों की आवक शुरू हो जाएगी और अप्रैल माह में आवक का दबाव बनने लगेगा। 

मंदा तेजी 

मध्य प्रदेश एवं राजस्थान की नई आवक होने तक मेथी की कीमतों में 200/300 रुपए प्रति क्विंटल का मन्दा-तेजी चलता रहेगा क्योंकि उत्पादक केन्द्रों पर स्टॉक कम होने के समाचार है। हालांकि इस वर्ष पैदावार कम रहेगी। अप्रैल में आवक का दबाव बनने पर कीमतों में गिरावट आने की संभावना है। वर्तमान में मध्य प्रदेश एवं राजस्थान की मंडियों में एवरेज क्वालिटी मेथी का भाव 5100/5700 रुपए प्रति क्विंटल बोला जा रहा है। 

निर्यात 

चालू सीजन 2025-26 के प्रथम आठ माह में मेथी का निर्यात मात्रात्मक रूप में 15 प्रतिशत एवं आय में 6 प्रतिशत बढ़ा है। मसाला बोर्ड द्वारा जारी आंकड़ों के अनुसार अप्रैल- नवम्बर- 2025 के दौरान मेथी का निर्यात 32318 टन का रहा और निर्यात से प्राप्त आय 243 करोड़ की रही। जबकि अप्रैल-नवम्बर-2024 में मेथी का निर्यात 28069 टन का हुआ था और प्राप्त आय 230.12 करोड़ की रही थी। वर्ष 2024-25 के दौरान मेथी का रिकॉर्ड निर्यात 44516 टन का रहा था और निर्यात से प्राप्त आय 365.89 करोड़ की रही।