पीएम- आशा स्कीम के तहत दलहन-तिलहन की खरीद जारी रखने का निर्णय

27-Mar-2025 08:34 PM

नई दिल्ली। केन्द्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा है कि सरकार ने पीएम- आशा स्कीम की समय सीमा को 2025-26 तक के लिए बढ़ा दिया है जिसके अंतर्गत किसानों से न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) पर दलहनों एवं तिलहनों की खरीद जारी रखी जाएगी।

उनका कहना था कि विदेश में किसानों के लिए रजिस्ट्रेशन की विधि को सरल तथा आसान बनाने के लिए दो केन्द्रीय एजेंसियों- भारतीय राष्ट्रीय कृषि सहकारी विपणन महासंघ (नैफेड) तथा भारतीय राष्ट्रीय सहकारी उपभोक्ता महासंघ (एनसीसीएफ) के पोर्टल का उपयोग करने के लिए कहा गया है। इन दोनों एजेंसियों के पोर्टल पर जो भी किसान पंजीकृत होंगे उनसे दलहनों-तिलहनों की खरीद अवश्य की जाएगी। 

कृषि मंत्री के अनुसार केन्द्र ने राज्य सरकारों को तुवर, मसूर एवं उड़द की पूरी मात्रा की खरीद करने की स्वीकृति दी है। तुवर की खरीद का कार्य अभी चल रहा है।

आंध्र प्रदेश, गुजरात, कर्नाटक, महाराष्ट्र एवं तेलंगाना में नैफेड तथा एनसीसीएफ के माध्यम से इसकी खरीद हो रही है।

केन्द्रीय कृषि मंत्री ने राज्य सरकार से एमएसपी पर खरीद की इस स्कीम को उपयुक्त ढंग से क्रियान्वित करने का आग्रह किया है। उनका कहना था कि पीएम- आशा योजना के तहत अब चना, सरसों एवं मसूर की खरीद की जाएगी।

राजस्थान, मध्य प्रदेश एवं गुजरात जैसे राज्यों में सरसों की खरीद करने की स्वीकृति दी जा चुकी है। किसानों को नैफेड एवं एनसीसीएफ के पोर्टल पर अपना रजिस्ट्रेशन सुनिश्चित करने के लिए कहा जा रहा है।

राज्य सरकारों को रबी कालीन दलहन-तिलहन फसलों की खरीद में प्रभावी ढंग से सहयोग सुनिश्चित करना चाहिए। कृषि मंत्री ने किसानों से विभिन्न उत्पादों की खरीद के लिए केन्द्र सरकार द्वारा उठाए जा रहे कदमों के बारे में भी जानकारी साझा की।

रबी सीजन की प्रमुख तिलहन फसल- सरसों तथा दलहन फसल- चना का थोक मंडी भाव घटकर न्यूनतम समर्थन मूल्य से नीचे आने के कारण इसकी सरकारी खरीद जारी रखने का निर्णय लिया गया है।