पूर्वी एवं पश्चिमी संभाग में भी बांधों का जल स्तर घटा
12-Jun-2026 04:48 PM
नई दिल्ली। मानसून-पूर्व की वर्षा का अभाव होने तथा ऊंचे तापमान एवं भीषण गर्मी का प्रकोप रहने से देश के पूर्वी एवं पश्चिमी संभाग के बांधों-जलाशयों में पानी का स्तर हाल के सप्ताहों में तेजी से घट गया है।
केन्द्रीय जल आयोग की रिपोर्ट के अनुसार देश के पूर्वी संभाग में बांधों में जल स्तर घटकर 4.78 बिलियन क्यूबिक मीटर पर आ गया है। जो उसकी कुल भंडारण क्षमता का 21.8 प्रतिशत है। पिछले साल की इसी अवधि में वहां 24.6 प्रतिशत पानी का स्टॉक मौजूद था।
पूर्वी संभाग के प्रमुख राज्यों में पश्चिम बंगाल, बिहार, झारखंड, उड़ीसा, आसाम तथा पूर्वोत्तर क्षेत्र के सात प्रान्त सम्मिलित हैं। पश्चिम बंगाल एवं सिक्किम में मानसून पहुंच गया है इसलिए आगामी समय में वहां अच्छी बारिश होने के आसार हैं।
देश के पश्चिमी क्षेत्र में महाराष्ट्र, गुजरात एवं गोवा आते हैं। वहां तथा भंडारण क्षमता के सापेक्ष बांधों-जलाशयों में पानी का स्टॉक 31.1 प्रतिशत या 11.86 बिलियन क्यूबिक मीटर (बीसीएम) मौजूद है जो गत वर्ष की समान अवधि के स्टॉक 30.1 प्रतिशत से कुछ ऊंचा है। महाराष्ट्र के कुछ भागों एवं गोवा में मानसून पहुंच चुका है लेकिन गुजरात में इसका पहुंचना अभी बाकी है। गुजरात में खरीफ फसलों की उच्च खेती हो रही है।
