पश्चिमी तट की ओर मानसून की चाल धीमी

12-Jun-2026 03:31 PM

तिरुअनन्तपुरम। केरल के दक्षिणी तट पर 4 जून को पहुंचने वाले दक्षिण-पश्चिम मानसून के आगे बढ़ने की रफ्तार कुछ धीमी पड़ गई है। यद्यपि दक्षिण भारत में इसकी सक्रियता जारी है। वहां तमिलनाडु के 15 जिलों में मूसलाधार वर्षा होने का अलर्ट जारी किया गया था। इसी तरह कर्नाटक से केरल तक की समुद्री पट्टी के ऊपर सघन बादल छाए हुए हैं। आंध्र प्रदेश, तेलंगाना एवं पांडीचेरी में भी बारिश हुई है। 

मानसून का उत्तरी छोर पूर्व दिशा की ओर बढ़कर पश्चिम बंगाल के पहाड़ी क्षेत्रों एवं सिक्किम में पहुंच चुका है मगर पश्चिम सिरा गोवा, कोंकण एवं महाराष्ट्र के कुछ अन्य तटवर्ती जिलों से आगे नहीं बढ़ रहा है। मानसून के इन ठहराव से महाराष्ट्र के मराठवाड़ा एवं विदर्भ संभाग तथा गुजरात में बारिश में देर हो रही है।

मौसम विभाग के अनुसार इन क्षेत्रों में मानसून का अपने नियत समय पर पहुंचना मुश्किल लगता है लेकिन आगामी चक्र के सक्रिय होने पर वहां जोरदार वर्षा हो सकती है। दक्षिणी गुजरात के सूरत तक इसका विस्तार होने की संभावना है। इधर पंजाब, हरियाणा एवं उत्तर प्रदेश सहित समीपवर्ती पर्वतीय राज्यों में बारिश होने की सूचना मिल रही है लेकिन यह मानसून की वर्षा नहीं है।