राजस्थान की सात मंडियों में केन्द्रीय पूल के लिए आढ़ती खरीदेंगे गेहूं

27-Mar-2025 11:45 AM

अलवर। पश्चिमी प्रान्त- राजस्थान में सरकार ने वर्तमान रबी मार्केटिंग सीजन में अलवर एवं भरतपुर जिले की सात मंडियों में कमीशन एजेंटों (आढ़तियों) के माध्यम से केन्द्रीय पूल के लिए किसानों से न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) पर गेहूं खरीदने का निर्णय लिया है।

इन सात कृषि उपज मंडियों में अलवर, भरतपुर, लक्ष्मणगढ़, कामां, बड़ौदामेव, खेरली एवं वैर सम्मिलित हैं। इन मंडियों में गेहूं की खरीद के लिए सरकारी क्रय केन्द्र समाप्त कर दिये गए हैं। 

उल्लेखनीय है कि केन्द्र सरकार ने इस बार गेहूं का एमएसपी 2425 रुपए प्रति क्विंटल निर्धारित किया है जबकि राजस्थान सरकार ने इस पर 150 रुपए प्रति क्विंटल का अतिरिक्त बोनस देने की घोषणा की है।

इस तरह राज्य के किसानों को 2575 रुपए प्रति क्विंटल का मूल्य प्राप्त होगा। आढ़ती इसी मूल्य पर किसानों से गेहूं की खरीद करेंगे।

वैसे इस सम्बन्ध में सरकार तथा कमीशन एजेंटों (मंडी व्यापारियों) के बीच औपचारिक करार फिलहाल नहीं हुआ है लेकिन शीघ्र ही हो सकता है। 

इसके अलावा रामगढ़, रैणी, कठूमर, मालाखेड़ा, राजगढ़ तथा गोविंदगढ़ जैसी मंडियों में एमएसपी पर गेहूं खरीदा जाएगा जहां अगले 10-15 दिनों में इसके नए माल की आवक शुरू होने की उम्मीद है।

दरअसल राजस्थान में गेहूं की सरकारी खरीद का लक्ष्य हासिल करने के उद्देश्य से यह कदम उठाया गया है। आमतौर पर अधिकतर किसान मंडी व्यापारियों को ही अपना गेहूं बेचना पसंद करते हैं इसलिए सरकारी क्रय केन्द्र सूने रहते हैं।

यदि आढ़तियों के माध्यम से गेहूं खरीदने का प्रयास किया गया तो इसमें अच्छी सफलता मिल सकती है। समझा जाता है कि लाइसेंस युक्त आढ़तियों को ही गेहूं की खरीद का दायित्व सौंपा जाएगा और इसकी न्यूनतम मात्रा भी नियत की जाएगी।