साप्ताहिक समीक्षा-मूंगफली
22-Mar-2025 08:04 PM
साप्ताहिक समीक्षा-मूंगफली
कमजोर मांग से उत्तर प्रदेश में मूंगफली का भाव नरम
नई दिल्ली। हालांकि सबसे प्रमुख उत्पादक राज्य- गुजरात के राजकोट में करीब 18.20 हजार बोरी मूंगफली की औसत दैनिक आवक हो रही है मगर वहां भाव स्थिर बना हुआ है। इसी तरह गोंडल में भी कीमतों में कोई खास बदलाव नहीं देखा जा रहा है जबकि वहां आपूर्ति काफी कम हो रही है मगर उत्तर प्रदेश के झांसी, महोबा तथा मऊरानीपुर में 15-21 मार्च वाले सप्ताह के दौरान मूंगफली के दाम में 100-200 रुपए प्रति क्विंटल की गिरावट आ गई जबकि वहां इसका भाव पहले से ही न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) से काफी नीचे स्तर पर चल रहा था। लेकिन राजस्थान के बीकानेर में भाव 300 रुपए बढ़कर 5200/5300 रुपए प्रति क्विंटल पर पहुंचा। 2024-25 सीजन के लिए सरकार ने मूंगफली का एमएसपी बढ़ाकर 6783 रुपए प्रति क्विंटल निर्धारित किया है।
मूंगफली दाना
छिलका रहित मूंगफली के दाने में सीमित कारोबार के कारण जलगांव में विभिन्न काउंट वाले माल के दाम में 100-100 रुपए प्रति क्विंटल की गिरावट आ गई जबकि बीकानेर में 50/60 काउंट वाले दाने का भाव 600 रुपए की वृद्धि के साथ 7700 रुपए प्रति क्विंटल की उंचाई पर पहुंच गया। जलगांव में एक्सपोर्ट क्वालिटी के 80/90 काउंट वाले दाने की कीमत भी 100 रुपए गिरकर 9600/9700 रुपए प्रति क्विंटल रह गई।
मूंगफली तेल
लूज रूप में मूंगफली तेल का भाव या तो स्थिर रहा या इसमें 2 रुपए प्रति किलो तक की गिरावट दर्ज की गई। इसका कारण अन्य खद्य तेलों का भाव नरम रहना बताया जा रहा है जिससे उपभोक्ता महंगे मूंगफली तेल से दूर होते जा रहे हैं। अहमदाबाद, नेवाई / टोंक, बीकानेर तथा चेन्नई में मूंगफली तेल का भाव 20-20 रुपए प्रति 10 किलो कमजोर रहा। ब्रांडेड मूंगफली तेल का दाम 50 रुपए प्रति टीन (15 किलो) तक घट गया। इसी तरह फिल्टर्ड मूंगफली तेल के मूल्य में 40/50 रुपए प्रति 10 किलो की नरमी रही।
डीओसी
मूंगफली के ऑयल केक एवं डीओसी में कारोबार सीमित हुआ और इसलिए कीमतों में कोई बड़ा परिवर्तन नहीं देखा गया। इसकी घरेलू मांग कमजोर बनी हुई है।
