साप्ताहिक समीक्षा-मटर
13-Sep-2026 05:04 PM
बिकवाली कमजोर, मांग बनी रहने से मटर में तेजी जारी; सीमित सप्लाई से भावों को समर्थन
कानपुर। बिकवाली कमजोर पड़ने और मांग बनी रहने से चालू सप्ताह के दौरान मटर की कीमतों में तेजी का रुख जारी रहा। बाजार में उपलब्धता लगातार घटने के कारण मटर के भावों को मजबूती मिल रही है। कनाडा और रूस से लोडिंग प्रभावित होने के कारण बंदरगाहों पर आयातित मटर की उपलब्धता लगातार कम हो रही है। सीमित आवक और कमजोर सप्लाई को देखते हुए स्टॉकिस्टों एवं आयातकों की बिकवाली भी सुस्त बनी हुई है। बाजार में उपलब्ध स्टॉक सीमित होने से कारोबारी ऊंचे भावों पर भी आसानी से बिकवाली करने से बच रहे हैं। दूसरी ओर, उत्पादक मंडियों में भी मटर की उपलब्धता न के बराबर बनी हुई है, जिससे घरेलू बाजार में सप्लाई का दबाव कमजोर है।आवक सीमित रहने के कारण मंडियों और वितरण केंद्रों पर पर्याप्त मात्रा में माल उपलब्ध नहीं हो पा रहा है। इसके अलावा, चना की कीमतों में तेजी का असर भी मटर बाजार पर देखने को मिल रहा है। चना के ऊंचे भावों के कारण दाल मिलर्स की मटर में सक्रियता बनी हुई है। मिलर्स की लगातार मांग और सीमित उपलब्धता के बीच बाजार में संतुलन बिगड़ने से मटर की कीमतों को मजबूती मिल रही है। आयतको की बिकवाली कमजोर पड़ने व लिवाली मजबूत बेहतर बनी रहने से चालू साप्ताह के दौरन आयातित मटर की कीमतों में 100 रुपए प्रति क्विंटल की तेजी दर्ज की गयी और सप्ताहांत में भाव मुंद्रा बंदरगाह पर कनाडा मटर 4750/4800 रुपये तथा रूस 4550/4600 रुपये प्रति क्विंटल रह हो गए। वहीं हजीरा व मुंद्रा बंदरगाह पर कनाडा मटर 4750/4800 रुपये और रूस मटर 4550/4600 रुपये प्रति क्विंटल हो गए।
लिवाली बनी रहने और मांग में सुधार से चालू सप्ताह के दौरान घरेलू मंडियों में भी मटर की कीमतों में तेजी का रुख रहा। मजबूत मांग के समर्थन से प्रमुख उत्पादक एवं वितरण मंडियों में मटर के भावों में ₹100 से ₹200 प्रति क्विंटल तक की बढ़त दर्ज की गई। कानपुर मंडी में मटर के भाव 100 रुपए प्रति क्विंटल बढ़कर 4,925 रुपये प्रति क्विंटल हो गए। इसी प्रकार ललितपुर मंडी में भी 100 रुपए की तेजी दर्ज की गई और भाव 4,300/4,650रुपए प्रति क्विंटल पर पहुंच गए। बिकवाली कमजोर पड़ने और लिवाली बढ़ने से उरई तथा महोबा मंडियों में मटर के भावों में 150/200 रुपए प्रति क्विंटल की अच्छी तेजी दर्ज की गई। उरई में भाव बढ़कर 4,200/4,500 रुपए प्रति क्विंटल, जबकि महोबा में 4,400/5,000 रुपए प्रति क्विंटल हो गए। राठ मंडी में भी 100 रुपए प्रति क्विंटल की बढ़त के साथ मटर के भाव 4,300/4,600 रुपए प्रति क्विंटल पर पहुंच गए। इसी तरह, उत्तर प्रदेश की मंडियों में तेजी का असर मध्य प्रदेश के बाजारों में भी देखने को मिला। चौतरफा तेजी के समर्थन और मांग में सुधार से मध्य प्रदेश की प्रमुख मंडियों में मटर के भाव करीब 200 रुपए प्रति क्विंटल सुधरे। बीना मंडी में भाव 4,000/4,600 रुपए प्रति क्विंटल, जबकि दमोह में 4,100/4,600 रुपए प्रति क्विंटल पर पहुंच गए।
कनाडा
कनाडाई व्यापार विश्लेषक के अनुसार, अगस्त 2026 में भारत में पीली मटर के भाव जून 2024 के बाद के उच्चतम स्तर पर पहुंच गए। काला सागर क्षेत्र से शिपमेंट प्रभावित होने और वैश्विक स्टॉक सीमित रहने से बाजार को समर्थन मिल रहा है। कनाडा में मटर की औसत उपज 36.7 बुशेल प्रति एकड़ रहने तथा बिजाई क्षेत्र में 16% कमी से पीली मटर का उत्पादन 27% घटकर करीब 23.10 लाख टन रहने का अनुमान है। हरी मटर का उत्पादन भी 22% घटकर करीब 4.50 लाख टन रह सकता है। चीन की मांग मजबूत है, जबकि रूस-यूक्रेन से सीमित आयात के कारण भारत की कनाडाई पीली मटर में मांग बढ़ने की संभावना है। इससे कनाडा में मटर के भाव मजबूत रह सकते हैं, हालांकि भारी तेजी की संभावना कम है।
मटर दाल
लिवाली बढ़ने से से चालू साप्ताह के दौरान मटर दाल की कीमतों में 100 रुपए प्रति क्विंटल की तेजी दर्ज की गयी और सप्ताहंत में भाव कानपुर 5500/5600 रुपए व इंदौर 5600/5700 रुपए प्रति क्विंटल हो गयी।
