साप्ताहिक समीक्षा- सोयाबीन
22-Mar-2025 07:57 PM
नीचे दाम पर मिलर्स की लिवाली से सोयाबीन के भाव में सुधार
नई दिल्ली। लम्बे समय तक का नरमी का दंड झेलने के बाद 15-21 मार्च वाले सप्ताह के दौरान सोयाबीन बाजार में कुछ सुधार दर्ज किया गया। नीचे दाम पर क्रशर्स- प्रोसेसर्स की थोड़ी बहुत लिवाली होने से इसके मूल्य में 50-100 रुपए प्रति क्विंटल की वृद्धि हुई। इसके बावजूद मध्य प्रदेश, महाराष्ट्र एवं राजस्थान जैसे शीर्ष उत्पादक राज्यों में इस महत्वपूर्ण तिलहन का प्लांट डिलीवरी मूल्य 4000/4200 रुपए प्रति क्विंटल की रेंज में ही रहा जो 4892 रुपए प्रति क्विंटल के न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) काफी नीचे था।
खरीद
केन्द्रीय एजेंसी नैफेड द्वारा 2024-25 के वर्तमान खरीफ मार्केटिंग सीजन के दौरान महाराष्ट्र में 8.37 लाख टन, मध्य प्रदेश में 3.89 लाख टन एवं राजस्थान में 99 हजार टन सहित राष्ट्रीय स्तर पर करीब 14.72 लाख टन सोयाबीन की रिकॉर्ड खरीद की गई लेकिन इसके बावजूद कीमतों पर कोई असर नहीं पड़ा। अब एजेंसी अपने स्टॉक बिक्री हेतु प्रयासरत है। सोपा ने कम से कम मध्य जुलाई तक सरकारी स्टॉक से सोयाबीन की बिक्री स्थगित रखने का आग्रह किया था।
सोया तेल (रिफाइंड)
सोया रिफाइंड तेल के दाम में मिश्रित रुख देखा गया। आमतौर पर इसके मूल्य में डेढ़-दो रुपए प्रति किलो की गिरावट रही मगर कहीं-कहीं इसमें इतनी ही बढ़ोत्तरी दर्ज की गई। सोया रिफाइंड तेल के मूल्य में प्रति 10 किलो पर कोटा एवं मुम्बई में 10-10 रुपए, कांडला में 20 रुपए तथा हल्दिया में 30 रुपए की गिरावट दर्ज की गई। हालांकि फरवरी में भी खाद्य तेलों का आयात कम हुआ और बंदरगाहों पर तथा पाइप लाइन में इसका स्टॉक घटकर काफी नीचे आ गया मगर घरेलू मांग कमजोर रहने से कीमतों पर सकारात्मक मनोवैज्ञानिक असर नहीं देखा जा रहा है।
आवक
सोयाबीन की औसत दैनिक आवक प्रमुख उत्पादक राज्यों की मंडियों में घटकर 1.25-1.50 लाख बोरी के बीच रह गई है जबकि प्रत्येक बोरी 100 किलो या 1 क्विंटल की होती है लेकिन फिर भी उसकी कीमतों में तेजी- मजबूती का माहौल नहीं देखा जा रहा है।
उत्पादन
सोयाबीन के सरकारी एवं औद्योगिक उत्पादन अनुमान में लगभग 25 लाख टन का भारी अंतर है इसलिए बाजार में असमंजस या दुविधा की स्थिति बनी हुई है और क्रशर्स- प्रोसेसर्स सीमित मात्रा में इसकी खरीद कर रहे हैं। उन्हें आगामी महीनों में सोयाबीन का सरकारी स्टॉक भी प्राप्त होने का भरोसा है।
