तेलंगाना में 84 प्रतिशत लोगों को मुफ्त में फाइन चावल उपलब्ध करवाने का निर्णय

31-Mar-2025 04:51 PM

हैदराबाद। तेलंगाना के खाद्य आपूर्ति एवं सिंचाई मंत्री ने कहा है कि उगाडी पर्व से राज्य के 84 प्रतिशत लोगों को मुफ्त में फाइन किस्म का चावल उपलब्ध करवाया जाएगा।

उन्होंने खाद्य सुरक्षा कानून आरंभ करने का श्रेय केन्द्र की तत्कालीन कांग्रेस सरकार को देते हुए कहा कि यह बहुत सराहनीय कानून है और यह सुनिश्चित करता है कि देश में कोई भी व्यक्ति भूखा न रहे। 

सार्वजनिक वितरण प्रणाली (पीडीएस) के तहत विपरीत होने वाले खाद्यान्न की खराब क्वालिटी के प्रति गंभीर चिंता व्यक्त करते हुए तेलंगाना के खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति मंत्री ने कहा कि इस कार्यक्रम को लागू हुए अनेक वर्ष बीत चुके हैं।

इसमें केन्द्र और राज्य सरकार द्वारा राशन का वितरण तो किया जा रहा था मगर उसकी गुणवत्ता सही नहीं थी। अनेकों बार कांग्रेस  पार्टी ने तत्कालीन राज्य सरकार और वर्तमान केन्द्र सरकार का ध्यान इस ओर आकर्षित किया था और घटिया किस्म के चावल को सार्वजनिक तौर पर दिखाया भी था लेकिन इस पर कभी कोई कार्रवाई नहीं हुई।

गरीब लोगों को घटिया चावल वितरित करके उसके स्वास्थ्य के साथ खिलवाड़ किया जा रहा था। लेकिन अब राज्य सरकार ने राज्य की अधिकांश आबादी को अच्छी क्वालिटी का फाइन चावल देने का फैसला किया है। यह बहुत बड़ा कदम है और इससे लाखों गरीब परिवारों को फायदा होगा। 

तेलंगाना सरकार गरीब वर्ग के जीवन का स्तर सुधारने के लिए प्रतिबद्ध है। राज्य के मुख्यमंत्री के सक्षम नेतृत्व में गरीबों के उत्थान एवं कल्याण के लिए अनेक कदम उठाए जा रहे हैं और उसके हितों की सुरक्षा के व्यापक प्रबंध किए जा रहे हैं।

तेलंगाना में उगाडी पर्व के एक दिन के बाद नव वर्ष से राज्य के 84 प्रतिशत लोगों के बीच फाइन क्वालिटी के चावल का वितरण आरंभ करने का निर्णय लिया गया है।

इससे खाद्य सुरक्षा की स्थिति मजबूत होगी। विकास का परिणाम स्पष्ट होना चाहिए और सभी वर्गों को इसका लाभ मिलना चाहिए।