तेलंगाना में पाम तेल के उत्पादन हेतु प्रयास जारी

23-Mar-2026 10:40 AM

हैदराबाद। दक्षिण भारतीय राज्य- तेलंगाना में पाम की खेती को प्रोत्साहन देने तथा पाम तेल का उत्पादन बढ़ाने के लिए सरकार द्वारा जोरदार प्रयास किया जा रहा है।

तेलंगाना में ऑयल पाम का बागानी क्षेत्र अन्य राज्यों की तुलना में ज्यादा है और राज्य सरकार पाम उत्पादकों को समुचित सहयोग का समर्थन प्रदान कर रही है। इससे किसान उत्साहित हैं। 

पिछले दिन तेलंगाना के मुख्य मंत्री ने सिद्दीपेट जिले के नरमेट्टा में 300 करोड़ रुपए की लागत से निर्मित एक पाम तेल प्रोसेसिंग फैक्टरी का उद्घाटन किया जिसमें प्रत्येक घंटा 30 टन ऑयल पाम के ताजे फलों के गुच्छे (एफएफबी) की प्रोसेसिंग करने की क्षमता है।

तेलंगाना के मुख्यमंत्री द्वारा रायतु भरोसा फंड के लिए पहली किस्त के रूप में 3447 करोड़ रुपए की राशि भी जारी की गई ताकि राज्य के किसानों को खरीफ फसलों की खेती से पूर्व आवश्यक कृषि साधनों की खरीद के लिए वित्तीय सहायता सुनिश्चित की जा सके।

इस स्कीम के तहत लगभग 70 लाख किसानों को फायदा मिलेगा। अगले 45 दिन के अंदर इस वित्तीय सहायता की तीन किस्तें जारी की जाएंगी।

तेलंगाना में ऑयल पाम का बागानी क्षेत्र 3 लाख एकड़ से ऊपर पहुंच गया है। मुख्यमंत्री का कहना था कि यदि इसका रकबा 10 लाख एकड़ को पार कर जाता है तब भी सरकार पाम की खरीद से पीछे नहीं हटेगी और न ही किसानों को नुकसान होने देगी।