तेलंगाना में वर्षा एवं तूफान से रबी फसलों को नुकसान
25-Mar-2025 03:39 PM
हैदराबाद। पिछले कुछ दिनों के अंदर तेलंगाना में भारी वर्षा एवं आंधी-तूफान के प्रकोप से 13 जिलों के 64 मंडलों में लगभग 11,300 एकड़ भूमि में रबी फसलें क्षतिग्रस्त हो गई।
यह आरंभिक अनुमान है जबकि सर्वेक्षण के बाद अंतिम आंकड़ा सामने आएगा। तेलंगाना के कृषि मंत्री ने अधिकारियों को सभी प्रभावित किसानों के साथ सर्वेक्षण करने तथा फसलों को हुई क्षति की अंतिम रिपोर्ट जल्दी से जल्दी तैयार करके भेजने का निर्देश दिया है। ताकि किसानों को यथाशीघ्र मुआवजा दिया जा सके।
आरंभिक आंकड़ों के अनुसार आंधी-तूफान एवं भारी वर्षा से राज्य में करीब 6670 एकड़ में धान, 4100 एकड़ में मक्का तथा 309 एकड़ में आम की फसल को नुकसान हुआ है।
कृषि मंत्री द्वारा जारी एक बयान में कहा गया है कि फसल की क्षति पर रिपोर्ट जैसे ही तैयार होकर मंत्रालय के पास पहुंचेगी वैसे ही मुआवजे के वितरण की प्रक्रिया शुरू कर दी जाएगी।
इस बीच तेलंगाना रायतु संघम ने कहा है कि राज्य सरकार को तत्काल किसानों को क्षतिपूर्ति प्रदान करनी चाहिए।
रायतु संघम के सचिव ने पिछले दिन कहा था कि गत चार दिनों के दौरान राज्य के विभिन्न जिलों में असामयिक वर्षा होने तथा आंधी-तूफान का प्रकोप रहने से हजारों एकड़ भूमि में रबी फसलों को नुकसान पहुंचा है।
सरकार को इस सम्पूर्ण क्षति का ब्यौरा एकत्रित करना चाहिए और प्रभावित किसानों को यथासंभव जल्दी से जल्दी पूरा मुआवजा देना चाहिए।
उत्तरी तेलंगाना में प्राकृतिक आपदाओं से फसल को ज्यादा नुकसान हुआ है क्योंकि वहां इसका प्रकोप अधिक देखा गया।
कुछ इलाकों में धान की फसल काटकर खेतों- खलिहानों में सूखने के लिए छोड़ दिया गया था जिसे वर्षा से नुकसान हो गया। मक्का की फसल भी क्षतिग्रस्त हुई है। इसके अलावा फसलों (खासकर आम) एवं सब्जियों की फसल को भी काफी नुकसान हुआ।
इससे पूर्व खरीफ सीजन के दौरान राज्य में लगभग 5 लाख एकड़ क्षेत्र में फसलों को गंभीर क्षति हुई थी। तब सरकार ने 10 हजार रुपए प्रति एकड़ की दर से मुआवजा देने की घोषणा की थी। लेकिन वास्तव में केवल 1.50 लाख एकड़ के लिए ही 15.80 करोड़ रुपए की मामूली सहायता दी गई।
